Loading...
उत्तर प्रदेश चुनाव: कांग्रेस की 181 सीटों पर दावेदारी, SP के साथ 17 नवंबर को बैठक
कांग्रेस और SP सीट बंटवारे पर 17 नवंबर को बैठक करेंगे (फाइल तस्वीर)

उत्तर प्रदेश चुनाव: कांग्रेस की 181 सीटों पर दावेदारी, SP के साथ 17 नवंबर को बैठक

लेखन आबिद खान
Nov 15, 2026
09:35 am

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (SP) में सीट बंटवारे पर हलचल तेज हो गई है। दोनों पार्टियां सीट बंटवारे पर चर्चा करने के लिए 17 नवंबर को अहम बैठक करने जा रही हैं। इसमें खुद अखिलेश यादव शामिल होंगे। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने बताया कि सीट बंटवारे को लेकर 17 नवंबर से बातचीत शुरू होगी। दोनों दलों के प्रतिनिधि पहली बैठक में चुनावी तालमेल और सीटों के बंटवारे पर चर्चा करेंगे।

बयान

अखिलेश बोले- कांग्रेस ने 181 सीटें मांगीं

दिल्ली में एक कार्यक्रम में अखिलेश ने बताया कि कांग्रेस ने 181 सीटों की मांग की है।

उन्होंने कहा, "हमने यह तय कर लिया है कि हम कितनी सीट पर चुनाव लड़ेंगे। समाजवादी पार्टी और INDIA मिलकर भाजपा को हराएंगे। कांग्रेस के साथ INDIA गठबंधन वही गठबंधन है, जो पहले भी था। मुझे इसमें कोई बदलाव नजर नहीं आता।"

उन्होंने यह भी कहा कि अयोध्या में राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मुद्दा चुनाव में प्रमुख रहेगा।

डोजियर

SP ने तैयार किया कांग्रेस का 'चुनावी डोजियर'

आज तक ने सूत्रों के हवाले से बताया कि SP ने 2022 के चुनावी आंकड़ों के आधार पर कांग्रेस की स्थिति का एक डोजियर तैयार किया है।

SP का मानना है कि सीटों का बंटवारा केवल संख्या के बजाय उम्मीदवारों की 'जीतने की क्षमता' के आधार पर होना चाहिए।

पहले माना जा रहा था कि कांग्रेस करीब 125-130 सीटों की दावेदारी कर सकती है, लेकिन इतनी सीटों पर दावे से हलचल तेज हो सकती है।

ADVERTISEMENT

कांग्रेस

कांग्रेस बोली- हर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची जांचेंगे

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने कहा, "SIR के नाम पर मतदाताओं के अधिकारों के साथ खिलवाड़ किए जाने की आशंका को देखते हुए पार्टी ने व्यापक स्तर पर मतदाता सूची की जांच कराने का निर्णय लिया है। पार्टी की कार्यशाला में तय किया गया है कि कांग्रेस कार्यकर्ता हर विधानसभा क्षेत्र में मतदाता सूची का परीक्षण करेंगे। इस दौरान पात्र मतदाताओं के नामों की जांच की जाएगी, ताकि योग्य मतदाता का नाम सूची से बाहर न रह जाए।"

ADVERTISEMENT

पिछला चुनाव

पिछले चुनावों में कैसा रहा था कांग्रेस का प्रदर्शन?

2022 चुनाव में कांग्रेस ने कुल 403 में से 399 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे थे। हालांकि, पार्टी केवल रामपुर खास और फरेंदा सीट पर ही जीत दर्ज कर सकी थी।

वहीं, SP ने 111 सीटें जीती थीं।

ऐसे में SP इस तर्क को भी सामने रखेगी कि सीटों का बंटवारा लोकसभा चुनाव के प्रदर्शन या राजनीतिक दावेदारी के बजाय पिछले चुनावों के परिणाम और जीत की संभावना पर होना चाहिए।

ADVERTISEMENT