Page Loader
पंजाब: भारत जोड़ो यात्रा के दौरान हार्ट अटैक से कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी का निधन
हार्ट अटैक से कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी का निधन

पंजाब: भारत जोड़ो यात्रा के दौरान हार्ट अटैक से कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी का निधन

Jan 14, 2023
10:40 am

क्या है खबर?

पंजाब के जालंधर से कांग्रेस के लोकसभा सांसद संतोख सिंह चौधरी की शनिवार सुबह हार्ट अटैक से मौत हो गई है। वो राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में चल रहे थे। इसी दौरान उन्हें हार्ट अटैक आ गया। मौके पर ही एंबुलेंस बुलाकर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ट्वीट कर चौधरी के निधन पर दुख व्यक्त किया है।

जानकारी

यात्रा रोकी गई, अस्पताल पहुंचे राहुल गांधी

76 वर्षीय चौधरी राहुल गांधी के साथ कुश्त आश्रम से बाहर आए और बेहोश हो गए। उनके निधन की सूचना मिलने पर यात्रा को रोक दिया गया है और राहुल गांधी कांग्रेस विधायक गुरजीत सिंह और विजय इंदर सिंगला के साथ अस्पताल पहुंच गए हैं। एक दिन के ब्रेक के बाद शनिवार को लुधियाना के लाडोवाल टोल प्लाजा से यात्रा शुरू होकर फगवाड़ा की तरफ चल थी। करीब 8.45 मिनट पर चौधरी की तबियत बिगड़ी थी।

जानकारी

पंजाब कैबिनेट में मंत्री भी रह चुके थे चौधरी

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता संतोख सिंह चौधरी का जन्म 19 जून, 1946 को हुआ था। वो पंजाब कैबिनेट में मंत्री भी रह चुके थे। 2014 और 2019 में उन्होंने लोकसभा चुनाव लड़ा और जीता। पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता अमरिंदर सिंह ने चौधरी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते ट्विटर पर लिखा कि चौधरी के निधन का समाचार सुनकर दुख हुआ है।

ट्विटर पोस्ट

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने चौधरी को मृत घोषित किया

कार्यक्रम

11 जनवरी को पंजाब पहुंची थी भारत जोड़ो यात्रा

भारत जोड़ो यात्रा 10 जनवरी की रात को पंजाब में पहुंची थी और 11 जनवरी से इसने आगे का सफर शुरू किया। 10 जनवरी को शंभू बॉर्डर के रास्ते यह यात्रा पंजाब के फतेहगढ़ साहिब में दाखिल हुई थी। 18 जनवरी को एक दिन के लिए यह यात्रा हिमाचल प्रदेश में पहुंचेगी और 19 जनवरी को राहुल गांधी पठानकोट में बड़ी रैली को संबोधित करेंगे। इसके बाद यह यात्रा जम्मू-कश्मीर में प्रवेश कर जाएगी।

जानकारी

7 सितंबर से शुरू हुई थी भारत जोड़ो यात्रा

बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा 7 सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई थी और यह जनवरी के आखिर में श्रीनगर में समाप्त होगी। अभी तक यह यात्रा तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली और हरियाणा से होकर गुजर चुकी है। अब राहुल की यह यात्रा पंजाब और हिमाचल प्रदेश का सफर पूरा कर जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करेगी। कांग्रेस इस यात्रा को राहुल गांधी की बड़ी कामयाबी के तौर पर पेश कर रही है।