LOADING...
पंजाब: कांग्रेस ने जारी किया चुनावी घोषणा पत्र, एक लाख नौकरी सहित कई बड़े वादे
पंजाब में कांग्रेस ने चुनावी घोषणा पत्र में किए एक लाख सरकारी नौकरी सहित कई बड़े वादे।

पंजाब: कांग्रेस ने जारी किया चुनावी घोषणा पत्र, एक लाख नौकरी सहित कई बड़े वादे

Feb 18, 2022
06:05 pm

क्या है खबर?

पंजाब में 20 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव के मतदान से दो दिन पहले शुक्रवार को कांग्रेस ने अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी कर दिया है। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की मौजूदगी में जारी किए गए इस घोषणा पत्र में युवाओं को एक लाख सरकारी नौकरी, महिला को साल में आठ मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर और 1,100 रुपये प्रतिमाह देने सहित कई बड़े वादे किए हैं।

रोजगार

सरकार बनते ही की जाएगी एक लाख पदों पर भर्ती

मुख्यमंत्री चन्नी और प्रदेश अध्यक्ष सिद्धू ने घोषणा पत्र जारी करते हुए कहा कि राज्य में यदि उनकी सरकार बनती है तो सबसे पहले एक लाख सरकारी पदों के लिए भर्ती आयोजित की जाएगी। इसी तरह प्रदेश सभी महिलाओं को साल में आठ रसोई गैस सिलेंडर मुफ्त दिए जाएंगे, 15 साल से अधिक उम्र की सभी महिलाओं को हर महीने 1,100 रुपये की आर्थिक सहायता देने के साथ सरकारी एजेंसियों द्वारा तिलहन, दाल, मक्का की खरीद की जाएगी।

माफिया

माफिया राज खत्म करने के लिए निगम बनाने का वादा

प्रदेश अध्यक्ष सिद्धू ने कहा कि यदि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनती है तो शराब बिक्री और रेत खनन के लिए अलग से निगम बनाकर माफिया राज को पूरी तरह से खत्‍म किया जाएगा। इसी तरह आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र जैसी 170 सेवाएं राज्य के लोगों को घर बैठे ही उपलब्ध कराई जाएगी। इससे लोगों को विभागों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे और भ्रष्टाचार पर भी लगाम कसेगी। लोगों के सभी काम समय पर पूरे होंगे।

Advertisement

अन्य

सरकारी अस्पतालों में पूरी तरह से मुफ्त इलाज का वादा

मुख्यमंत्री चन्नी ने कहा कि सरकार बनने पर लोगों को सरकारी अस्पतालों में मुफ्त उपचार की सुविधा दी जाएगी। इसी तरह राज्य में सभी कच्चे घरों को पक्का बनाने के लिए सरकार की ओर से आर्थिक मदद मुहैया कराई जाएगी। बच्चों को हर सरकारी स्कूलों, यूनिवर्सिटी में मुफ्त शिक्षा देने के साथ सरकारी स्कूल में निजी की तुलना में बेहतर सुविधाएं मुहैया कराई जाएगी। इसी तरह 10वीं और 12वीं पास छात्राओं को अलग से आर्थिक मदद दी जाएगी।

Advertisement

बयान

पंजाब के लोगों की जिंदगी होगी आसान- चन्नी

घोषणा पत्र जारी करने के दौरान मुख्यमंत्री चन्नी ने कहा, "कांग्रेस की सरकार बनने पर हम लोगों को ऐसी सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे, जिससे पंजाब के लोगों की जिंदगी आसान बन जाएगी।" इसी तरह सिद्धू ने कहा, "कांग्रेस पार्टी पंजाब को बहुत बड़ी सहूलियतें देने जा रही है। इससे राज्य में खुशहाली आएगी और लोगों की समस्याओं का समाधान होगा।" बता दें कि कांग्रेस के घोषणा पत्र को लेकर विपक्ष लगातार हमले बोल रहा था।

खंडन

सिद्धू ने किया था अंदरूनी कलह के दावों का खंडन

12 फरवरी को सिद्धू ने पार्टी में अंदरूनी कलह के दावों का खंडन करते हुए आलाकमान के फैसले पर सहमति जताई थी। उन्होंने कहा था, "कांग्रेस में अंदरूनी कलह कहां है? राहुल गांधी ने फैसला दिया है और हम सभी ने इसका स्वागत किया है। आलाकमान के फैसले से कोई समस्या नहीं है।" गत 6 फरवरी को कांग्रेस ने चन्नी को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया था। उसके बाद सिद्धू की नाराजगी के दावे किए जा रहे थे।

चुनाव

न्यूजबाइट्स प्लस (जानकारी)

117 विधानसभा सीटों वाले पंजाब में 20 फरवरी को एक चरण में चुनाव होगा और 10 मार्च को नतीजे घोषित किए जाएंगे। पंजाब में कांग्रेस जहां अपना किला बचाने की कोशिश में है, वहीं आम आदमी पार्टी और अकाली दल पिछली हार को भूलकर सत्ता में आने के प्रयास कर रही हैं। कांग्रेस से अलग होने के बाद अमरिंदर सिंह ने अपनी अलग पार्टी बनाई है और वो भाजपा के साथ मिलकर सत्ता की दावेदारी पेश कर रहे हैं।

Advertisement