Page Loader
महाराष्ट्र में INDIA गठबंधन को झटका, मुंबई नगर निकाय चुनाव में अकेले लड़ सकती है कांग्रेस
महाराष्ट्र के मुंबई नगर निगम में अकेले चुनाव लड़ सकती है कांग्रेस

महाराष्ट्र में INDIA गठबंधन को झटका, मुंबई नगर निकाय चुनाव में अकेले लड़ सकती है कांग्रेस

लेखन गजेंद्र
Jul 01, 2025
11:46 am

क्या है खबर?

महाराष्ट्र में विपक्षी पार्टियों के INDIA गठबंधन को आगामी बृह्नमुंबई महानगर पालिका (BMC) चुनाव में बड़ा झटका लग सकता है। दरअसल, सोमवार को दिल्ली में हुई कांग्रेस नेताओं की बैठक में पार्टी के एक वर्ग ने अकेले चुनाव लड़ने पर जोर दिया है। पार्टी नेताओं का मानना है कि अगर कांग्रेस महाराष्ट्र में अपने महाविकास अघाड़ी (MVA) सहयोगियों शिवसेना (उद्धव गुट) और NCP (शरद पवार गुट) के साथ मिलकर चुनाव लड़ती है, तो शहर में वह हाशिये पर चली जाएगी।

चुनाव

नहीं जुट रहे हिंदुत्व समर्थक मतदाता

इंडिया टुडे के मुताबिक, बैठक में कांग्रेस नेताओं ने बताया कि गठबंधन होने के बाद से अल्पसंख्यक वोट तो उद्धव गुट की शिवसेना की ओर जा रहे हैं, लेकिन हिंदुत्व समर्थक वोट अब भी कांग्रेस को नहीं मिल रहे। बैठक में महाराष्ट्र के शीर्ष कांग्रेस नेताओं ने भाग लिया, जिनमें राज्य प्रभारी रमेश चेन्निथला, राज्यसभा सदस्य और महासचिव मुकुल वासनिक, पूर्व राज्य इकाई प्रमुख नाना पटोले और अन्य शामिल थे। अभी पार्टी हाईकमान को इस पर फैसला करना है।

जानकारी

कांग्रेस का कैसा रहा प्रदर्शन?

BMC चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन 2012 के बाद से कमजोर हुआ है। कांग्रेस ने 2017 के चुनावों में केवल 31 सीटें जीतने में सफल रही, जबकि उससे पहले 2012 में 56 और 2007 में 75 सीटें जीती थीं।

रणनीति

उद्धव कर सकते हैं राज ठाकरे के साथ गठबंधन

कांग्रेस की बैठक में भले ही BMC चुनाव अकेले लड़ने की बात कही जा रही हो, लेकिन उद्धव गुट की शिवसेना ने पहले ही यह मंशा जता दी है कि अकेले मैदान में उतरेगी। हालांकि, इस बीच शिवसेना राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) से हाथ मिला सकती है, जिसको लेकर पिछले काफी दिनों से संभावना है। ठाकरे बंधु पिछले दिनों हिंदी भाषा के मुद्दे पर साथ आ चुके हैं। उनका 5 जुलाई को संयुक्त प्रदर्शन है।

चुनाव

BMC चुनाव में क्या है राजनीतिक पार्टियों की स्थिति?

कुल 227 सीटों वाली देश की सबसे अमीर निगम में 1997 से शिवसेना का कब्जा है। भाजपा-शिवसेना गठबंधन टूटने के बाद 2017 में हुए चुनाव में सीटें काफी बंट गई थीं। 2007 में हुए चुनाव में जहां शिवसेना ने 84, भाजपा ने 28, कांग्रेस ने 52, NCP ने 14 और MNS ने 7 सीटें जीती थीं। वहीं, 2017 में शिवसेना ने 84, भाजपा ने 82, कांग्रेस ने 31, NCP ने 9, MNS ने 7, अन्य ने 14 सीटें जीती थीं।

जानकारी

2017 के बाद अब होगा महाराष्ट्र चुनाव

महाराष्ट्र में BMC का चुनाव 2017 के बाद अब होगा। इसे पहले 2022 में होना था, लेकिन वार्ड सीमांकन और कानूनी मुद्दों के कारण चुनाव टल गए थे। अब इसके 2025 में होने की संभावना है। इस बार सीटें भी 236 हो गई हैं।