Page Loader
असम विधानसभा चुनाव: राज्य की समस्याओं बनाएं वीडियो, कांग्रेस देगी आईफोन

असम विधानसभा चुनाव: राज्य की समस्याओं बनाएं वीडियो, कांग्रेस देगी आईफोन

Feb 09, 2021
08:21 pm

क्या है खबर?

असम में विधानसभा चुनावों के नजदीक आने के साथ ही राजनीतिक दलों ने जीत हासिल करने के लिए रणनीतियां बनाना शुरू कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जहां राज्य में सत्ता को बरकरार रखने के लिए दो बार असम का दौरा कर चुके हैं, वहीं अब कांग्रेस ने मतदाताओं पर लालच का जाल फेंका है। असम कांग्रेस ने कहा है कि जो भी मतदाता राज्य की समस्या या बड़े मुद्दों पर बेहतरीन वीडियो बनाकर पोस्ट करेगा, उसे आईफोन दिया जाएगा।

प्रतियोगिता

कांग्रेस ने असम में सोशल मीडिया पर शुरू की प्रतियोगिता

न्यू इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार कांग्रेस ने असम में सोशल मीडिया पर एक प्रतियोगिता शुरू की है। इसमें शामिल होने के लिए लोगों को राज्य की समस्या और बड़े मुद्दों पर दो मिनट का वीडियो बनाने को कहा गया है। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए मतदाताओं को बनाए गए वीडियो को #AssamBachao के साथ बड़े सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट करना होगा और फिर www.AssamBachao.in पर अपना लिंक जमा करना होगा। यह प्रतियोगिता 19 फरवरी तक चलेगी।

घोषणा

राज्य की समस्या को स्वीकार करना और समझना बेहद जरूरी- गोगोई

प्रतियोगिता की घोषणा करने के साथ कांग्रेस सांसद और चुनाव घोषणा पत्र समिति के प्रमुख गौरव गोगोई ने कहा कि किसी भी समस्या को हल करने के लिए सबसे पहले समस्या को स्वीकार करना और उसे समझना बेहद जरूरी है। ऐसे में यह प्रतियोगिता इस दिशा में पहला कदम है। उन्होंने कहा, "इस प्रतियोगिता की प्रतिक्रिया हमें बताएगी कि हमारे घोषणापत्र में सबसे जरूरी मुद्दे क्या होंगे। कांग्रेस का घोषणा पत्र में इन्हीं समस्याओं का समाधान होगा।"

बयान

राज्य के युवाओं में रचनात्मकता लाने का प्रयास कर रही कांग्रेस- गोगोई

पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत तरुण गोगोई के बेटे गौरव ने पुरस्कारों की घोषणा करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी राज्य के युवाओं में रचनात्मकता लाने का प्रयास कर रही है। युवाओं को अपने भविष्य की जिम्मेदारी लेने और राज्य को भाजपा के बुरे डिजाइन से बचाने का समय है। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा ने लोगों की इच्छा के विपरीत नागरिकता संशोधन कानून लागू कर राज्य की शांति और समृद्धि दोनों को बर्बाद करने का काम किया है।

प्रयास

वीडियो अभियान मुद्दों को लोगों को सामने लाने का है प्रयास- गोगोई

सांसद गोगोई ने कहा कि यह वीडियो प्रतियोगिता राज्य के लोगों के सामने प्रमुख समस्या और मुद्दों को चर्चा के लिए लाने का एक प्रयास है। यह इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि भाजपा इन मुद्दों पर चर्चा नहीं करना चाहती है। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता में कांग्रेस कार्यकर्ताओं सहित प्रदेश के सभी लोग हिस्सा ले सकते हैं, लेकिन 18 साल के कम उम्र और विदेशों में रहने वाले राज्य के लोग इस प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले सकेंगे।

बयान

प्रतियोगिता से भाजपा के कुशासन के खिलाफ सामने आएग लोगों का गुस्सा- बोरा

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और सांसद रिपुन बोरा ने कहा, "यह सिर्फ पहला प्रयास है। कांग्रेस की यह अभिनव प्रतियोगिता भाजपा के कुशासन के खिलाफ लोगों के आक्रोश को सामने लाएगी और मतदान के दिन लोग खुलकर अपने गुस्से का इजहार करेंगे।"

चुनाव

गर्मियों में होने हैं असम में चुनाव

असम की 126 सीटों पर इस साल अप्रैल में चुनाव होने हैं। इसके लिए भाजपा ने सत्ता को बचाए रखने के लिए पूरी तैयारी कर रखी है। प्रधानमंत्री मोदी पिछले 15 दिनों में दो बाद असम का दौरा कर चुके हैं। साल 2016 में हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा ने यहां 60 सीटों पर जीत दर्ज की थी। इसके बाद उसने सहयोगी असम गण परिषद के 14 और बोडोलैंड पीपल्स फ्रंट के 12 विधायकों के समर्थन से सरकार बनाई थी।