LOADING...
कांग्रेस की मांग, गाजा पट्टी पर हमले रोकने के लिए अमेरिका-यूरोपीय संघ पर दबाव डाले सरकार
कांग्रेस ने गाजा में युद्ध रोकने के लिए अमेरिका पर दबाव डालने को कहा

कांग्रेस की मांग, गाजा पट्टी पर हमले रोकने के लिए अमेरिका-यूरोपीय संघ पर दबाव डाले सरकार

लेखन गजेंद्र
Nov 17, 2023
06:34 pm

क्या है खबर?

इजरायल-हमास युद्ध के बीच कांग्रेस ने भारत सरकार से आग्रह किया है कि वह गाजा में हमले रोकने के लिए अमेरिका, इजरायल और यूरोपीय संघ की सरकारों पर दबाव डाले। कांग्रेस नेता जयराम रमेश द्वारा एक्स पर साझा किए गए बयान में लिखा है, "उसके नागरिकों पर हमास के निंदनीय हमले के बाद इजरायल की कार्रवाई नरसंहारक है। नागरिकों, महिलाओं, बच्चों, अस्पतालों और आश्रय स्थलों को निशाना बनाना मानवता के मूल्यों और युद्ध के हर अंतरराष्ट्रीय मानदंड का उल्लंघन है।"

चिंता

कांग्रेस ने और क्या कहा?

कांग्रेस के बयान में आगे लिखा है, "यह समय की मांग है कि तनाव कम हो और तुरंत युद्धविराम की घोषणा की जाए। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस भारत सरकार से आग्रह करती है कि वह अमेरिका, इजरायल और यूरोपीय संघ की सरकारों पर दबाव बनाने का हरसंभव प्रयास करे, ताकि वे गाजा में इजरायल द्वारा की जा रही हिंसा को रोकने के लिए अपनी शक्ति का उपयोग कर सकें। हमारी सामूहिक चेतना जागने से पहले कितनी जाने लेनी होंगी।"

युद्ध

युद्ध में अब तक जा चुकी हैं 12,000 से अधिक जानें

इजरायल-हमास युद्ध में अब तक 12,897 लोगों की मौत हो गई है। इसमें इजरायल के लगभग 1,500 और गाजा पट्टी के 11,697 लोग शामिल हैं। युद्ध की शुरुआत 7 अक्टूबर को हमास द्वारा इजरायल पर हमला करने से हुई थी। कतर और अमेरिका युद्धविराम के लिए मध्यस्थता की पेशकश भी कर चुके हैं, लेकिन इजरायल युद्धविराम के लिए राजी नहीं है। इजरायली सेना ने हमास को खत्म करने तक युद्ध नहीं रोकने का संकल्प लिया है।