Page Loader
कांग्रेस का आरोप, आयकर विभाग ने पार्टी के खातों से 65 करोड़ रुपये जब्त किए
कांग्रेस का आरोप, आयकर विभाग ने 65 करोड़ जब्त किए

कांग्रेस का आरोप, आयकर विभाग ने पार्टी के खातों से 65 करोड़ रुपये जब्त किए

लेखन गजेंद्र
Feb 21, 2024
06:29 pm

क्या है खबर?

कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि आयकर विभाग ने पार्टी के खातों से 65 करोड़ रुपये जब्त कर लिए हैं। दावा है कि विभाग ने यह कार्रवाई बकाया टैक्स के एवज में वसूली है। बुधवार को कांग्रेस के कोषाध्यक्ष अजय माकन ने बताया कि पार्टी ने आयकर अपीलीय न्यायाधिकरण (ITAT) के समक्ष शिकायत दर्ज कराई है। कांग्रेस की ओर कहा गया कि मामला कोर्ट में विचाराधीन होने पर भी विभाग ने कार्रवाई की और फैसले का इंतजार नहीं किया।

कार्रवाई

कांग्रेस ने उठाया सवाल

माकन ने बताया कि आयकर विभाग ने भारतीय युवा कांग्रेस और भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के खातों से 5 करोड़ रुपये और कांग्रेस के खातों से 60.25 करोड़ रुपये सरकार को ट्रांसफर किए हैं। उन्होंने कहा, 'यह भाजपा सरकार के एक चिंताजनक कदम को दर्शाता है। क्या राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के लिए आयकर देना आम बात है? नहीं। क्या भाजपा आयकर देती है? नहीं। फिर कांग्रेस को 210 करोड़ रुपये की अभूतपूर्व मांग का सामना क्यों करना पड़ रहा है?

विवाद

क्या है मामला?

आयकर विभाग ने कांग्रेस और युवा कांग्रेस के बैंक खाते फ्रीज कर दिए थे और पार्टी पर 210 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। जुर्माने के उन्होंने 2 कारण बताए। पहला, 2019 में खातों का विवरण जमा करने में देरी और दूसरा उसके सांसदों और विधायकों के 14,40,000 रुपये नकद जमा करना। कांग्रेस ने बैंक खाते फ्रीज होने के बाद ITAT में अपील दायर की थी, जिसके बाद पार्टी को राहत मिली थी और रोक हटा दी थी।