छत्तीसगढ़ चुनाव: उपमुख्यमंत्री सिंहदेव समेत बघेल सरकार के कई मंत्री हारे, जानें बड़े नेताओं का हाल
क्या है खबर?
छत्तीसगढ़ के विधानसभा चुनावों में भाजपा ने चौंकाने वाली जीत दर्ज की है। भाजपा राज्य की 90 में से लगभग 54 सीटें जीतती हुई नजर आ रही है, वहीं कांग्रेस के खाते में मात्र 36 सीटें आ रही हैं।
कांग्रेस के लिए इसे बड़ा झटका माना जा रहा है और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार के कई मंत्रियों का हार का सामना करना पड़ा है।
आइए जानते हैं कि राज्य में बड़े नेताओं की क्या स्थिति रही।
#1
रमन सिंह और भूपेश बघेल जीते
पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने राजनांदगांव सीट से 45,084 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की है। ये उनकी परंपरागत सीट है। साल 2008 से वे यहां से जीत दर्ज कर रहे हैं। उनके सामने कांग्रेस ने खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन को मैदान में उतारा था।
पाटन से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने भतीजे और भाजपा नेता विजय बघेल को 19,723 मतों से हराया। भूपेश की इस सीट से ये छठवीं जीत है।
#2
गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू और उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव हारे
दुर्ग ग्रामीण से कांग्रेस के प्रत्याशी और राज्य के गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू को कड़ी टक्कर के बाद हार का सामना करना पड़ा है। उन्हें भाजपा के ललित चंद्राकर ने 16,642 वोटों से हराया।
अंबिकापुर से छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव को भी हार का सामना करना पड़ा है। उन्हें भाजपा के राजेश अग्रवाल ने कड़ी टक्कर में 94 वोटों से शिकस्त दी। पिछले चुनावों में ये सीट कांग्रेस के सिंहदेव ने ही जीती थी।
अकबर
मंत्री मोहम्मद अकबर को मिली हार
कवर्धा से कांग्रेस के मंत्री मोहम्मद अकबर को हार का सामना करना पड़ा है। उन्हें भाजपा के विजय शर्मा ने 39,592 वोटों से हराया। सांप्रदायिक तनाव के चलते इस सीट पर हाई प्रोफाइल मुकाबला माना जा रहा था।
सुकमा जिले की कोंटा सीट से मैदान में उतरे कांग्रेस प्रत्याशी और मंत्री कवासी लखमा को कड़ी टक्कर के बाद जीत मिली है। उन्होंने मात्र 1,981 वोटों से जीत दर्ज की है। लखमा 5 बार के विधायक हैं।
अग्रवाल
कांग्रेस के बड़े आदिवासी नेता मोहनलाल मरकाम को भी मिली हार
कोंडागांव से कांग्रेस का आदिवासी चेहरा माने जाने वाले और मंत्री मोहनलाल मरकाम भाजपा की पूर्व मंत्री लता उसेंडी से हार गए हैं। उन्हें 18,572 वोटों से हार का सामना करना पड़ा।
दंतेवाड़ा से दिवंगत कांग्रेस नेता महेंद्र कर्मा के बेटे छवींद्र को भी हार का सामना करना पड़ा है। उन्हें भाजपा के चैतराम अतामी ने हराया।
रायपुर शहर (दक्षिण) से भाजपा के बृजमोहन अग्रवाल ने कांग्रेस के महंत रामसुंदर दास को 67,719 वोटों से हराकर बड़ी जीत दर्ज की।