Page Loader
कर्नाटक: भाजपा ने जारी किया घोषणापत्र, UCC लागू करने का किया वादा 
भाजपा ने कर्नाटक चुनाव के लिए घोषणापत्र किया जारी

कर्नाटक: भाजपा ने जारी किया घोषणापत्र, UCC लागू करने का किया वादा 

May 01, 2023
12:59 pm

क्या है खबर?

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोमवार को बेंगलुरू में कर्नाटक चुनाव के लिए पार्टी का घोषणापत्र जारी किया। इस दौरान मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई और पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा भी मौजूद रहे। भाजपा ने अपने घोषणापत्र में बड़ी घोषणा करते हुए कर्नाटक में यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) लागू करने का वादा किया है। बता दें कि कर्नाटक की 224 विधानसभा सीटों पर चुनाव के लिए 10 मई को मतदान होगा।

योजना 

उच्चस्तरीय समिति की सिफारिशों के आधार पर लागू होगा UCC- भाजपा

भाजपा ने एक उच्चस्तरीय समिति की सिफारिशों के आधार पर कर्नाटक में UCC लागू करने की अहम घोषणा की। भाजपा ने गुजरात और उत्तराखंड चुनाव के दौरान भी राज्य में UCC लागू करने का वादा किया था। भाजपा ने कर्नाटक में नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटिजन (NRC) लाने और अवैध प्रवासियों के शीघ्र निर्वासन को सुनिश्चित करने का वादा भी किया है। पार्टी ने धार्मिक कट्टरवाद और आतंकवाद के खिलाफ एक स्पेशल विंग बनाने का वादा भी किया है।

वादे 

भाजपा ने और क्या अहम वादे किए? 

भाजपा ने अपने घोषणापत्र में में गरीबी रेखा से नीचे (BPL) के परिवारों के लिए मासिक राशन किट के साथ-साथ अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) की महिलाओं के लिए फिक्स डिपॉजिट (FD) योजना का वादा भी किया। भाजपा ने BPL परिवारों को एक साल में 3 मुफ्त गैस सिलेंडर देने का वादा भी किया है। घोषणापत्र के अनुसार, 1-1 गैस सिलेंडर उगादी, गणेश चतुर्थी और दीपावली के महीनों के दौरान दिया जाएगा।

बयान 

AC कमरे में बैठकर नहीं बनाया गया है घोषणापत्र- नड्डा

जेपी नड्डा ने घोषणापत्र जारी करने के बाद कहा, "कर्नाटक के लिए घोषणापत्र किसी AC कमरे में बैठकर नहीं बनाया गया है, बल्कि एक उचित अभ्यास किया गया है।" उन्होंने कहा कि घोषणापत्र की सामग्री को तैयार करने में पार्टी कार्यकर्ताओं ने बड़ी मेहनत कर राज्य के कोने-कोने में जाकर लोगों से उनके सुझाव लिए। नड्डा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए वोटबैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया।

मतदान 

कर्नाटक में 10 मई को होगा मतदान

कर्नाटक की 224 विधानसभा सीटों पर 10 मई को एक ही चरण में मतदान होगा और 13 मई को नतीजे जारी किए जाएंगे। चुनाव में मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ भाजपा और कांग्रेस के बीच है। 2018 के चुनाव में भाजपा को 104, कांग्रेस को 80 और जनता दल सेक्युलर (JDS) को 37 सीटें मिली थीं। राज्य में एक मनोनीत सीट को मिलाकर कुल 225 विधानसभा सीटें हैं और बहुमत का आंकड़ा 113 है।