Loading...
सोनिया गांधी की आत्मकथा पर भाजपा का करारा हमला, बताया क्यों छोड़ा प्रधानमंत्री पद
सोनिया गांधी की आत्मकथा पर भाजपा का करारा हमला

सोनिया गांधी की आत्मकथा पर भाजपा का करारा हमला, बताया क्यों छोड़ा प्रधानमंत्री पद

Nov 11, 2026
04:22 pm

क्या है खबर?

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की आत्मकथा 'बिलोंगिंग: ए जर्नी ऑफ लव' पर भाजपा ने उनके 'अंतरात्मा की आवाज' और 'त्याग' दावों पर गंभीर सवाल उठाए हैं। सोनिया ने आत्मकथा में लिखा है कि कैसे 2004 में UPA गठबंधन के साथियों के भारी दबाव के बावजूद उन्होंने प्रधानमंत्री बनने से साफ इनकार कर दिया था। इस पर तंज कसते हुए भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री का पद छोड़ना सिर्फ एक मुखौटा था।

हमला

त्याग नहीं, लाभ का पद सुरक्षित करने का था प्रयास- त्रिवेदी

भाजपा प्रवक्ता त्रिवेदी ने कहा, "यह दुनिया का कैसा अनोखा 'बलिदान' था कि उन्होंने प्रधानमंत्री का पद तो छोड़ दिया, लेकिन राष्ट्रीय सलाहकार परिषद (NAC) की अध्यक्ष बनकर कैबिनेट रैंक का दर्जा ले लिया।"

उन्होंने कहा, "पूरी दुनिया में त्याग का ऐसा उदाहरण कहीं नहीं मिलेगा जहां कोई प्रधानमंत्री पद छोड़कर कैबिनेट रैंक लेता है। उन्होंने 'लाभ के पद' के तहत NAC अध्यक्ष का पद संभाला, जो पूरी तरह मुनाफे वाला सुरक्षित पद था।"

आरोप

त्रिवेदी ने लगाया यह गंभीर आरोप

त्रिवेदी आरोप लगाया कि जब इस पर कानूनी विवाद खड़ा हुआ, तो सोनिया को इस्तीफा देना पड़ा था, लेकिन दोबारा चुनाव जीतकर आने से पहले उनके नेतृत्व में चल रही तत्कालीन मनमोहन सिंह सरकार ने आनन-फानन में नियमों को बदल दिया और NAC अध्यक्ष के पद को 'लाभ के पद' के दायरे से ही बाहर कर दिया ताकि वे सुरक्षित रह सकें।

उन्होंने कहा कि सोनिया ने प्रधानमंत्री पद इसलिए छोड़ा ताकि वे पर्दे के पीछे से सरकार चला सकें।

ADVERTISEMENT

दावा

राजीव गांधी ने किया था आपातकाल का समर्थन- त्रिवेदी

सोनिया ने दावा किया है कि उनके पति राजीव गांधी 1975 के आपातकाल के खिलाफ थे और इसके लिए संजय गांधी जिम्मेदार थे। भाजपा ने इस दावे को ऐतिहासिक रूप से गलत बताते हुए खारिज कर दिया।

त्रिवेदी ने कहा कि राजीव गांधी ने विभिन्न सार्वजनिक अवसरों और मंचों पर आपातकाल के फैसले का खुलकर समर्थन किया था। इसलिए अब सारा दोष सिर्फ संजय गांधी पर मढ़कर बाकी परिवार को पाक-साफ दिखाने की यह कोशिश नाकाम साबित होगी।

ADVERTISEMENT

झगड़ा

आपातकाल की कहानी या सास-बहू का पारिवारिक झगड़ा?

सोनिया द्वारा अपनी देवरानी मेनका गांधी के साथ हुए मनमुटाव और उन्हें घर से निकाले जाने के वाकये पर किए गए दावों पर भी भाजपा ने तीखा व्यंग्य किया।

त्रिवेदी ने कहा, "किताब में जिस तरह का आरोप-प्रत्यारोप किया गया है, उसे देखकर ऐसा लगता है कि यह आपातकाल की कहानी नहीं, बल्कि 'देशी देवरानी' (मेनका गांधी) और 'विदेशी जेठानी' (सोनिया गांधी) के बीच की गहरी आपसी रंजिश और घरेलू कलह की कहानी ज्यादा नजर आती है।"

ADVERTISEMENT