Loading...
उत्तर प्रदेश में भाजपा के सामने भी गठबंधन की चुनौती, सहयोगी मांग रहे अधिक सीटें
उत्तर प्रदेश में भाजपा के सामने भी गठबंधन की चुनौती

उत्तर प्रदेश में भाजपा के सामने भी गठबंधन की चुनौती, सहयोगी मांग रहे अधिक सीटें

लेखन गजेंद्र
Nov 25, 2026
02:11 pm

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव 2027 के लिए गठबंधन की चुनौती सिर्फ कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच ही नहीं है, बल्कि सत्तारूढ़ भाजपा भी इसका सामना कर रही है। प्रदेश की भाजपा सरकार में शामिल राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के 4 सहयोगी निषाद पार्टी, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP), अपना दल (S) और राष्ट्रीय लोक दल (RLD) अधिक सीटें चाहते हैं। उनकी सीटों की अधिक मांग ने भाजपा की चिंता बढ़ा दी है।

चुनाव

भाजपा नेतृत्व से मिलना चाह रहे सहयोगी

उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिम क्षेत्रों में कथित दबदबा रखने वाली क्षेत्रीय पार्टियां सीट बंटवारे को लेकर भाजपा नेतृत्व खासकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलना चाह रहे हैं।

सोमवार को लखनऊ में भाजपा कोर कमेटी की मीटिंग में सीट बंटवारे को लेकर चर्चा भी हुई है।

निषाद पार्टी के प्रमुख संजय निषाद ने हाल में शाह से मुलाकात की है। SBSP प्रमुख ओम प्रकाश राजभर, अनुप्रिया पटेल और जयंत चौधरी भी सार्थक बातचीत चाहते हैं।

प्रदर्शन

क्या था पिछला चुनाव प्रदर्शन?

वर्ष 2022 के चुनाव में परिस्थिति बदली थी। उस समय जयंत और राजभर दोनों समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़े थे।

तब RLD को अखिलेश यादव ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 33 सीटें दी थी, जिसमें 8 जीती। SBSP को 19 सीटें मिली थी, जिसमें 6 पर जीत दर्ज की।

तब भी NDA का हिस्सा रही अपना दल (S) ने 17 सीटों पर चुनाव लड़ा और 12 जीती, निषाद पार्टी ने 10 सीटों पर चुनाव लड़कर 6 जीती थी।

ADVERTISEMENT

मांग

अब कितनी सीटें मांग रही सहयोगी पार्टियां?

पिछले चुनाव में निषाद पार्टी के 10 में 6 उम्मीदवार भाजपा के चुनाव चिन्ह पर लड़े थे, जिसमें 5 जीते थे। भाजपा ने 376 सीट पर चुनाव लड़ा और 255 सीटें जीती थी।

पिछली बार भाजपा ने 403 में 27 सीटें सहयोगियों के लिए छोड़ी थी। इस बार कम से कम 50 सीटें छोड़ने की योजना बना रही है, जबकि अनुप्रिया पटेल ने 25 सीटें, RLD ने 30, SBSP ने 25 और निषाद पार्टी ने 36 सीटें मांगी हैं।

ADVERTISEMENT

समस्या

चिराग पासवान भी बने सिरदर्द

इस बार के चुनाव में दलित जनाधार वाली चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) भी भाजपा से अच्छी सीटें मांग रही है। वह अपना दायरा बिहार से उत्तर प्रदेश में बढ़ाना चाहती है।

चिराग पासवान ने तो यहां तक कहा है कि अगर सीटों का समझौता नहीं हुआ तो पार्टी अकेले 403 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार सकती है।

पासवान ने नागालैंड का उदाहरण दिया है, जहां पार्टी ने अकेले लड़कर 2 सीटें जीतीं हैं।

बातचीत

बातचीत की कोशिश

भाजपा ने सहयोगी दलों से बातचीत के लिए 4 लोगों को लगाया है, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उनके 2 उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक और राज्य भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी शामिल हैं।

योगी आदित्यनाथ RLD प्रमुख जयंत चौधरी से बातचीत करेंगे, जबकि ब्रजेश पाठक अपना दल (S) प्रमुख अनुप्रिया पटेल से बातचीत करेंगे।

पंकज चौधरी को निषाद पार्टी के प्रमुख संजय निषाद से और केशव प्रसाद मौर्य को SBSP प्रमुख राजभर को मनाने के लिए लगाया गया है।

प्रभुत्व

उत्तर प्रदेश में सहयोगी पार्टियों का कहां है जनाधार?

निषाद पार्टी पूर्वी और मध्य में नदी किनारे रहने वाले OBC समुदायों खासकर निषाद, केवट, बिंद, बेलदार, मल्लाह, सहनी, कश्यप और गोंडी को एकजुट करने का दावा करती है।

इन समुदायों की आबादी गोरखपुर, बस्ती, अयोध्या, आजमगढ़, प्रयागराज और वाराणसी में अधिक है।

SBSP को गाजीपुर, घोसी, बलिया और जौनपुर में राजभर समुदाय और दूसरे गैर-यादव OBC समूह से समर्थन मिलता है।

अपना दल (S) को विंध्य इलाके और मिर्जापुर में कुर्मी और दूसरे OBC वोटरों का समर्थन मिलता है।

ADVERTISEMENT