Page Loader
बिहार: JDU अध्यक्ष पद से ललन सिंह के इस्तीफे की खबर का पार्टी ने किया खंडन
बिहार में JDU अध्यक्ष ललन सिंह के इस्तीफे की चर्चा

बिहार: JDU अध्यक्ष पद से ललन सिंह के इस्तीफे की खबर का पार्टी ने किया खंडन

लेखन गजेंद्र
Dec 26, 2023
02:17 pm

क्या है खबर?

बिहार के राजनीतिक गलियारे में उस समय हलचल मच गई जब खबर आई कि जनता दल यूनाइटेड (JDU) के अध्यक्ष पद से राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने इस्तीफा दे दिया है। न्यूज18 के मुताबिक, ललन सिंह ने खुद अध्यक्ष पद से मुक्त करने का आग्रह किया है। हालांकि, पार्टी ने इसे महज अफवाह बताया। ललन सिंह ने खुद ऐसी खबरों का खंडन किया, वहीं पार्टी के वरिष्ठ नेता विजय कुमार चौधरी ने भी खबरों को झूठा बताया।

गद्दी

29 दिसंबर को है JDU की राष्ट्रीय कार्यकारिणी

JDU की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक 29 दिसंबर को दिल्ली में आयोजित होगी। खबर है कि बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर भी फैसला लिया जा सकता है। हिंदुस्तान के मुताबिक, पिछले दिनों ललन सिंह ने नीतीश कुमार से उनके आवास पर मुलाकात की थी। इस दौरान वित्त मंत्री विजय कुमार भी मौजूद थे। यहां ललन ने पद छोड़ने की बात कही थी। खबर है कि नीतीश खुद या किसी नए नेता को पार्टी का अध्यक्ष पद दे सकते हैं।

राजनीति

क्या ललन सिंह से नाराज हैं नीतीश?

राजनीतिक गलियारों में खबर है कि नीतीश कुमार ललन सिंह से नाराज हैं। ललन सिंह की राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के बड़े नेताओं से बढ़ती नजदीकियां भी इसका कारण बताया जा रहा है। INDIA गठबंधन में पार्टी की ओर से ललन सिंह सही पक्ष नहीं रख रहे थे। इसके अलावा 2024 का लोकसभा चुनाव ललन सिंह मुंगेर से लड़ना चाहते हैं। हाल ही में भाजपा सांसद सुशील कुमार मोदी ने ललन सिंह को पद से हटाने का दावा किया था।