Page Loader
वोटिंग प्रतिशत न जारी करने पर केजरीवाल का चुनाव आयोग पर निशाना, कहा- बेहद चौंकाने वाला

वोटिंग प्रतिशत न जारी करने पर केजरीवाल का चुनाव आयोग पर निशाना, कहा- बेहद चौंकाने वाला

Feb 09, 2020
06:27 pm

क्या है खबर?

दिल्ली विधानसभा चुनाव की वोटिंग खत्म होने के 24 घंटे बाद भी अंतिम वोटिंग प्रतिशत न जारी करने के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने चुनाव आयोग पर निशाना साधा है। रविवार को ट्वीट करते हुए उन्होंने कहा कि ये बेहद हैरान करने वाला है कि इतने घंटों बाद भी चुनाव आयोग ने वोटिंग प्रतिशत जारी नहीं किया है। इससे पहले उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और AAP राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भी इसे लेकर चुनाव आयोग पर सवाल उठाए थे।

वोटिंग प्रतिशत

कल रात सवा 10 बजे आई थी चुनाव आयोग की तरफ से अंतिम जानकारी

दिल्ली विधानसभा चुनाव की सभी 70 सीटों पर कल शाम 6 बजे वोटिंग खत्म हो गई थी। शनिवार रात 10:17 बजे चुनाव आयोग की प्रवक्ता शेफाली शरन ने ट्वीट करते हुए अनुमानित 61.43 प्रतिशत वोटिंग होने की जानकारी दी थी। लेकिन इसके बाद चुनाव आयोग ने अब तक अंतिम वोटिंग प्रतिशत नहीं बताया है जो आमतौर पर जो चुनाव खत्म होने के कुछ घंटे बाद ही जारी कर दिया जाता है।

बयान

केजरीवाल ने ट्वीट कर दी सख्त प्रतिक्रिया

इसी पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को ट्वीट किया। इसमें उन्होंने लिखा, 'बेहद हैरान करने वाला। चुनाव आयोग क्या कर रहा है? वोटिंग के कई घंटे बाद भी वो कुल वोटिंग के आंकड़े क्यों नहीं जारी कर रहे?'

सवाल

सिसोदिया का सवाल- क्या भाजपा ऑफिस से मिलना है वोटिंग का फाइनल आंकड़ा?

उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया। उन्होंने लिखा, 'भाजपा के नेता मतदान के आंकड़े दे रहे हैं। उधर चुनाव आयोग मतदान खत्म होने के 24 घंटे के बाद तक नहीं बता पाया है कि वोटिंग कितने प्रतिशत हुई। कह रहा है कि अभी डाटा इकट्ठा किया जा रहा है। क्या चल रहा है चुनाव आयोग? क्या मतदान का फाइनल आंकड़ा भाजपा ऑफिस से मिलना है आपको?'

सवाल

संजय सिंह ने पूछा- कल से क्या खेल चल रहा है?

वहीं AAP सांसद संजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मुद्दे को उठाया और चुनाव आयोग से तीखे सवाल किए। उन्होंने सवाल किया कि लोकसभा चुनाव में एक घंटे के अंदर चुनाव आयोग ने वोटिंग प्रतिशत बता दिया था तो दिल्ली जैसे छोटे राज्य में इतनी देर क्यों हो रही है। उन्होंने कहा, "चुनाव आयोग को स्पष्ट करना होगा कि कल से क्या खेल चल रहा है?... वोटिंग प्रतिशत पर चुनाव आयोग ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।"

ट्विटर पोस्ट

संजय सिंह बोले- देश के इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ

जानकारी

EVM की सुरक्षा को लेकर भी संजय सिंह ने उठाया था सवाल

इससे पहले संजय सिंह ने EVM की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाया था और कई जगह बिना किसी सुरक्षा के चुनाव अधिकारियों के EVM के साथ घूमने का दावा किया था। हालांकि चुनाव आयोग ने इन दावों को खारिज कर दिया था।

एग्जिट पोल्स

सभी एग्जिट पोल्स में AAP को प्रचंड बहुमत

गौरतलब है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के सभी एग्जिट पोल्स में AAP को प्रचंड बहुमत मिलने का अनुमान लगाया गया है। ज्यादा एग्जिट पोल्स में उसे 50 से अधिक सीटें दी गईं हैं और उसकी अधिकतम 68 सीटें आने का अनुमान लगाया गया है। वहीं भाजपा की स्थिति बहुत अच्छी नहीं है और उसके खाते में अधिकतम 23 सीटें आने का अनुमान लगाया गया है। कांग्रेस का इस बार भी सूफड़ा साफ होता हुआ नजर आ रहा है।