LOADING...
AAP की रैली में अरविंद केजरीवाल का भाजपा पर बड़ा हमला, कहा- शुरू हुई उलटी गिनती
AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर बोला तीखा हमला

AAP की रैली में अरविंद केजरीवाल का भाजपा पर बड़ा हमला, कहा- शुरू हुई उलटी गिनती

Mar 01, 2026
05:58 pm

क्या है खबर?

दिल्ली शराब नीति मामले में बरी किए जाने के 48 घंटे बाद आम आदमी पार्टी (AAP) संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दिल्ली की भाजपा सरकार की एक साल की नाकामियों को गिनाने के लिए AAP की ओर से निकाली गई रैली को जंतर-मंतर पर संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की अब उलटी गिनती शुरू हो गई है। उन्होंने शराब नीति पर आई कोर्ट के फैसले को भी ऐतिहासिक करार दिया।

फैसला

कोर्ट के फैसले पर क्या बोले केजरीवाल?

केजरीवाल ने कहा, "दिल्ली की एक अदालत ने लंबा और विस्तृत फैसला सुनाते हुए मेरे ऊपर लगाए गए आरोपों को खारिज किया है। डर के माहौल में इतना साहसिक फैसला देना आसान नहीं होता।" उन्होंने कहा, "यह फैसला बताता है कि मेरे खिलाफ चलाया गया मामला फर्जी था और इसके पीछे राजनीतिक मंशा थी। बीते 4 वर्षों से मेरे खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप लगाए जाते रहे। मेरी छवि खराब करने की कोशिश की गई, लेकिन सच्चाई सामने आ गई।"

हमला

भाजपा और केंद्र सरकार पर बोला तीखा हमला

केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर आरोप लगाते हुए कहा, "मेरे और मेरी पार्टी के नेताओं को निशाना बनाने के लिए जांच एजेंसियों का इस्तेमाल किया गया। अगर भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करनी है तो हर क्षेत्र में कीजिए। केवल विपक्षी नेताओं को जेल भेजना समाधान नहीं है।" उन्होंने कहा कि रेलवे, एयरलाइन, बैंकिंग, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में हालात खराब हो रहे हैं और आम जनता महंगाई तथा बेरोजगारी से जूझ रही है।

Advertisement

उदाहरण

खुद की ईमानदारी का दिया उदाहरण

केजरीवाल ने आयकर विभाग में नौकरी के दौरान रिश्वत लेने से इनकार करते हुए कहा, "उस समय मेरी पहचान कट्टर ईमानदार अधिकारी के रूप में बनी थी। 10 साल तक मुख्यमंत्री रहने के दौरान मेरे खिलाफ कई जांच कराई गईं, लेकिन एक पैसे का भी भ्रष्टाचार साबित नहीं हुआ।" उन्होंने चुनौती देते हुए कहा, "यदि कोई मंत्री या अधिकारी यह साबित कर दे कि केजरीवाल ने कभी भी गलत तरीके से पैसे की मांग की, तो राजनीति छोड़ दूंगा।"

Advertisement

हमला

केजरीवाल ने प्रधानमंत्री मोदी पर भी बोला हमला

केजरीवाल ने कहा, "भाजपा ने सोनम वांगचुक को जेल भेजा, जो एक महान वैज्ञानिक हैं और बच्चों की शिक्षा के लिए काम करते हैं। मोदी जी एक दिन महिला सांसदों द्वारा हमले के डर से संसद नहीं गए। वे ट्रंप से भी डरते हैं।" उन्होंने आरोप लगाया कि देश में भाजपा के 12 साल के शासन में सभी क्षेत्र बर्बाद हो गए और सड़कों, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और स्वच्छता आदि की हालत बदहाल है।

संदेश

केजरीवाल ने दिया अहम संदेश

जंतर-मंतर को ऐतिहासिक स्थान बताते हुए केजरीवाल ने कहा कि यहां से पहले भी बड़े आंदोलन शुरू हुए हैं। उन्होंने समर्थकों से अपील की कि वह लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाते रहे। रैली के अंत में उन्होंने नारा लगाते हुए कहा, "मोदी जी सत्ता के लिए काम करते हैं, केजरीवाल देश के लिए काम करेगा।" उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में राजनीतिक बदलाव देखने को मिलेगा और जनता सच्चाई का साथ देगी।

Advertisement