केजरीवाल का दावा- इंस्टाग्राम अकाउंट प्रतिबंधित किया गया; बोले- प्रधानमंत्री के सामने इतना न झुकें
क्या है खबर?
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दावा किया है कि उनका इंस्टाग्राम अकाउंट भारत में प्रतिबंधित कर दिया गया है। उन्होंने 'एक्स' पर स्क्रीनशॉट साझा करते हुए बताया कि भारत में उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर रोक लगा दी गई है। केजरीवाल ने आगे कहा कि उन्हें इसके पीछे की वजह भी नहीं बताई गई और मेटा की ओर से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है।
बयान
केजरीवाल बोले- कोई कारण नहीं बताया गया
केजरीवाल ने कहा, 'मेटा इंडिया आपने मेरे अकाउंट पर रोक क्यों लगाई है? आपके भारत स्थित कार्यालय में पूछने पर पता चला कि भारत में मेरे अकाउंट पर रोक लगा दी गई है और यह यहां उपलब्ध नहीं है। ऐसा क्यों? आपके कार्यालय में कोई इसका कारण नहीं बता रहा है। कोई नहीं बता रहा कि इसे कैसे हटाया जा सकता है। प्रधानमंत्री के सामने इतना न झुकें। वरना वे आपको भारत में सिर्फ उन्हीं का अकाउंट चलाने देंगे।'
E20
E20 पेट्रोल को लेकर सरकार पर हमलावर हैं केजरीवाल
केजरीवाल फिलहाल E20 पेट्रोल को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ हमलावर हैं। कल ही उन्होंने कहा था कि केंद्र सरकार ने सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) की उस रिपोर्ट को वापस लेने के लिए मजबूर किया, जिसमें E20 पेट्रोल को लेकर चिंताएं जताई गई थीं।
केजरीवाल ने इस मुद्दे पर दिल्ली में टाउनहॉल का भी आयोजन किया था, जिसमें लाखों लोगों के जुड़ने का दावा था।
उन्होंने 4 अगस्त को प्रधानमंत्री आवास तक मार्च भी किया था।
E20 पर बयान
केजरीवाल बोले- सरकार वाहनों का कबाड़ा कर रही
केजरीवाल ने एक अलग पोस्ट में कहा, 'मोदी सरकार का क्या प्लान है? पता चल रहा है कि पेट्रोल में 50 प्रतिशत से ज्यादा की मिलावट करेंगे। अभी माहौल शांत होने का इंतजार कर रहे हैं। पहले आपकी E0 और E10 गाड़ियों में जबरदस्ती E20 पेट्रोल डालकर कबाड़ा किया। अगर आप E20 नई गाड़ी खरीदते हैं तो सरकार कुछ दिन बाद उसमे जबरदस्ती E50 पेट्रोल डालकर उसका कबाड़ा कर देगी। सरकार जल्द ही डीजल में भी मिलावट करने वाली है।'
प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री के वीडियो को लेकर भी हुआ था विवाद
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वीडियो को कुछ देर के लिए हटाने को लेकर भी मेटा विवादों में थी।
प्रधानमंत्री ने 23 जुलाई को पेपर लीक को लेकर एक वीडियो संदेश जारी किया था। इसे मेटा ने रात 12:30 बजे से सुबह 5:00 बजे तक हटा दिया था।
मेटा ने कहा था कि तकनीकी खराबी के चलते ऐसा हुआ था। इसके बाद हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस ने मेटा इंडिया के हेड अरुण श्रीनिवास के खिलाफ FIR दर्ज की थी।