अरविंद केजरीवाल ने E20 के खिलाफ प्रधानमंत्री आवास तक मार्च किया, रोके गए तो धरना दिया
क्या है खबर?
इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के खिलाफ दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सड़क पर उतर गए हैं। उन्होंने मंगलवार को आम आदमी पार्टी (AAP) के नेताओं के साथ प्रधानमंत्री आवास तक मार्च किया। केजरीवाल पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, सांसद संजय सिंह समेत अन्य नेताओं के साथ 7 लोक कल्याण मार्ग कूच कर रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें रोक लिया, जिसके बाद वे फिरोज शाह रोड पर धरने पर बैठ गए। इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात की गई थी।
मार्च
E20 के खिलाफ 23 लाख से अधिक याचिका सौंपने जा रहे थे केजरीवाल
केजरीवाल अपने पार्टी के नेताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को E20 के खिलाफ 23 लाख से अधिक लोगों की हस्ताक्षरित याचिकाएं सौंपने जा रहे थे।
इस दौरान उन्होंने मीडिया से कहा, "हम आतंकवादी नहीं हैं, हम E20 पेट्रोल मुद्दे पर प्रधानमंत्री मोदी से मिलना चाहते हैं। मैं कहना चाहता हूं कि प्रधानमंत्री को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में नहीं आना चाहिए। उन्हें अमेरिका से इथेनॉल खरीदना बंद करना चाहिए और देश पर E20 थोपना बंद करना चाहिए।"
याचिका
केजरीवाल का बड़ा अभियान
केजरीवाल ने देशभर में E20 को लेकर दिख रहे गुस्से को आगे बढ़ाते हुए इसके खिलाफ अभियान शुरू किया है।
पिछले दिनों उन्होंने दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब में 'इथेनॉल टाउन हॉल' का आयोजन किया था, जिसमें देशभर से लोग जुड़े थे।
इस दौरान E20 के खिलाफ उनके हस्ताक्षर अभियान में 23 लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया था।
केजरीवाल ने प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर उनसे मिलने की अनुमति भी मांगी थी।
ट्विटर पोस्ट
अरविंद केजरीवाल का बयान
मोदी जी ट्रंप के दबाव में ना आए, और USA से पेट्रोल खरीदना बंद करें -अरविंद केजरीवाल#MarchAgainstForcedE20 pic.twitter.com/DwNjBQvRbG
— Kavish aziz (@azizkavish) August 4, 2026