Page Loader
उत्तर प्रदेश: अखिलेश यादव ने करहल विधानसभा सीट छोड़ी, इस्तीफा दिया
अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश विधानसभा की सीट छोड़ी

उत्तर प्रदेश: अखिलेश यादव ने करहल विधानसभा सीट छोड़ी, इस्तीफा दिया

लेखन गजेंद्र
Jun 12, 2024
02:28 pm

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (SP) के प्रमुख अखिलेश यादव ने बुधवार को मैनपुरी जिले के अंतर्गत करहल विधानसभा सीट छोड़ दी है। उन्होंने विधानसभा की सदस्यता से अपना इस्तीफा देते हुए विधानसभा अध्यक्ष को त्याग पत्र भेजा। साथ ही उन्होंने नेता प्रतिपक्ष के पद से भी इस्तीफा दे दिया है। विधानसभा कार्यालय में उनके इस्तीफे की प्रति पहुंचा दी गई है। उनके विधानसभा सीट छोड़ने के कयास कई दिन से लगाए जा रहे थे।

इस्तीफा

लोकसभा में आवाज उठाएंगे अखिलेश

अखिलेश यादव लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान कन्नौज सीट से मैदान में उतरे थे। इस दौरान उन्होंने भाजपा के सुब्रत पाठक को 1.70 लाख वोट से हराया था। अखिलेश को 6.42 लाख और पाठक को 4.71 लाख वोट मिले थे। अब अखिलेश लोकसभा में SP का प्रतिनिधित्व करेंगे। लोकसभा चुनाव में SP ने INDIA गठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था, जिसमें उत्तर प्रदेश की 80 में से 37 सीटें SP और 6 सीटें कांग्रेस ने पाई हैं।

विधानसभा

2022 के चुनाव में जीती थी करहल सीट

अखिलेश ने 2022 के विधानसभा चुनाव में करहल सीट जीती थी। अखिलेश ने भाजपा के एसपी सिंह बघेल को भारी मतों से हराया था। अखिलेश को 1.48 लाख वोट मिले थे, वहीं बघेल को 80,692 वोट मिले थे। 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी साबित हुई थी। उसने 403 विधानसभा सीटों में से 255 सीटें जीतकर दूसरी बार सरकार बनाई थी। समाजवादी पार्टी ने 111 सीटें जीती थीं।