Page Loader
AAP का अहमदाबाद दफ्तर पर पुुलिस के छापे का दावा, केजरीवाल बोले- बौखला गई है भाजपा
पिछले कुछ समय से AAP और भाजपा सरकार आमने-सामने हैं

AAP का अहमदाबाद दफ्तर पर पुुलिस के छापे का दावा, केजरीवाल बोले- बौखला गई है भाजपा

Sep 13, 2022
04:25 pm

क्या है खबर?

आम आदमी पार्टी (AAP) ने पुलिस के गुजरात के अहमदाबाद स्थित उसके दफ्तर पर छापा मारने का दावा किया है। AAP संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मामले में भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि गुजरात की जनता से AAP को मिल रहे समर्थन से भाजपा बौखला गई है। वहीं दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि जैसे-जैसे गुजरात चुनाव नजदीक आते जा रहे हैं, वैसे-वैसे भाजपा का डर भी बढ़ता जा रहा है।

दावा

गुजरात पुलिस ने दो घंटे ली अहमदाबाद दफ्तर की तलाशी- AAP

गुजरात AAP के सदस्य इसुदान गढ़वी ने ट्वीट कर पार्टी के अहमदाबाद दफ्तर पर पुलिस के छापे की जानकारी दी। अपने ट्वीट में उन्होंने लिखा, 'केजरीवाल जी के अहमदाबाद पहुंचते ही आम आदमी पार्टी के अहमदाबाद ऑफिस पर गुजरात पुलिस की रेड। दो घंटे तलाशी लेकर चले गए। कुछ नहीं मिला। बोले फिर आयेंगे।' AAP ने अपने दफ्तर का एक वीडियो भी जारी किया है, हालांकि स्थानीय पुलिस ने छापे मारने के उसके दावों को खारिज किया है।

प्रतिक्रिया

गुजरात में AAP के पक्ष में आंधी चल रही- केजरीवाल

अहमदाबाद के दौरे पर आए अरविंद केजरीवाल ने छापे पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा पर निशाना साधा है। ट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा, 'गुजरात की जनता से मिल रहे अपार समर्थन से भाजपा बुरी तरह बौखला गयी है। "AAP" के पक्ष में गुजरात में आंधी चल रही है। दिल्ली के बाद अब गुजरात में भी रेड करनी शुरू कर दी। दिल्ली में कुछ नहीं मिला, गुजरात में भी कुछ नहीं मिला। हम कट्टर ईमानदार और देशभक्त लोग हैं।'

ट्वीट

सिसोदिया बोले- केजरीवाल को रोकना भाजपा का एकमात्र लक्ष्य

केजरीवाल के बाद AAP के दूसरे सबसे बड़े नेता मनीष सिसोदिया ने भी भाजपा पर हमला बोला है। ट्वीट करते हुए उन्होंने लिखा, 'जैसे-जैसे गुजरात चुनाव नजदीक आ रहे हैं, वैसे-वैसे भाजपा का डर बढ़ता जा रहा है। गुजरात चुनाव में भाजपा का एकमात्र लक्ष्य है- किसी भी तरह अरविंद केजरीवाल जी और आम आदमी पार्टी को रोकना। मैं भाजपा से पूछना चाहता हूं कि केजरीवाल जी से इतना डरते क्यों हो?'

छापे

हालिया समय में AAP के नई नेताओं पर पड़े हैं छापे

बता दें कि हालिया समय में AAP के कई नेताओं पर छापे पड़े हैं जिसके कारण वह और केंद्र की भाजपा सरकार आमने-सामने हैं। सबसे पहले स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन पर मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में छापा मारा गया और अभी वह जेल में बंद हैं। इसके बाद शराब नीति में अनियमितता से संबंधित मामले में मनीष सिसोदिया के घर पर छापा मारा गया। अब परिवहन मंत्री गोपाल राय पर भी बस खरीद सौदे में भ्रष्टाचार का आरोप लगा है।

गुजरात विधानसभा चुनाव

गुजरात में साल के अंत में होने हैं चुनाव, तेजी से उभर रही AAP

बता दें कि इस साल के अंत में गुजरात में विधानसभा चुनाव होने हैं। गुजरात प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का गृह राज्य है और पिछले लगभग तीन दशक से यहां भाजपा की सरकार है। राज्य में मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच होता रहा है, हालांकि इस बार AAP यहां तेजी से उभर रही है। पार्टी को मजबूत करने के लिए हालिया समय में केजरीवाल और सिसोदिया कई बार गुजरात का दौरा कर चुके हैं।