Page Loader
महाराष्ट्र के बाद झारखंड में मुश्किलों में भाजपा, सहयोगी पार्टियां बना रही दबाव

महाराष्ट्र के बाद झारखंड में मुश्किलों में भाजपा, सहयोगी पार्टियां बना रही दबाव

Nov 12, 2019
12:59 pm

क्या है खबर?

भारतीय जनता पार्टी के लिए पिछले कुछ दिन अच्छे नहीं कहे जा सकते। पहले महाराष्ट्र में शिवसेना ने उसका हाथ छोड़ा और वह सरकार बनाने से चूक गई। अब झारखंड में उसकी सहयोगी पार्टियां सीट बंटवारे को लेकर दबाव बना रही है। गौरतलब है कि झारखंड में 30 नवंबर से विधानसभा चुनाव होने है। NDA का हिस्सा चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने भाजपा से अलग होकर अपने दम पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है।

लोजपा

अपने दम पर चुनाव लड़ेगी लोजपा

लोजपा ने पिछले विधानसभा चुनावों में एक सीट पर चुनाव लड़ा था, जहां उसे हार का सामना करना पड़ा। इस बार पार्टी अपने दम पर 50 सीटों पर चुनाव लड़ने जा रही है। पार्टी अध्यक्ष पासवान ने कहा कि उम्मीदवारों की पहली लिस्ट आज शाम को जारी की जाएगी। पहले लोजपा ने झारखंड में छह सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कही थी, लेकिन राज्य ईकाई से विचार के बाद अब पार्टी 50 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

AJSU

सीट बंटवारे को लेकर खुश नहीं है AJSU

लोजपा के बाद ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन (AJSU) भी भाजपा पर दबाव बढ़ा रही है। दोनों पार्टियों ने साथ मिलकर पिछला चुनाव लड़ा था। इस दफे AJSU ने चक्रधरपुर विधानसभा सीट पर अपना उम्मीदवार उतारा है, जहां से भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष लक्ष्मण गुलिया चुनाव लड़ रहे हैं। इसके बाद भाजपा पर सीट बंटवारों को लेकर फिर से समझौता करने का दबाव बढ़ गया है। भाजपा AJSU को नौ सीटें दे रही है, जबकि उसकी मांग 19 सीटों की है।

जानकारी

AJSU को मनाने में जुटी भाजपा

अपने सहयोगियों के तीखे तेवरों को देखते हुए भाजपा ने उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी नहीं की है। पार्टी ने रविवार को 52 उम्मीदवारों का ऐलान किया था। सूत्रों के मुताबिक, भाजपा की सीट बंटवारे को लेकर AJSU के साथ बातचीत जारी है।

पिछले विधानसभा चुनाव

क्या थे पिछले चुनावों के नतीजे?

2014 के विधानसभा चुनावों में भाजपा को 37, ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन (ASJU) को पांच, झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) को 19, कांग्रेस को सात और झारखंड विकास मोर्चा (JVM) को आठ और अन्य को छह सीटें मिली थीं। नतीजों के बाद JVM के छह विधायकों ने पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थाम लिया था। वोट शेयर की बात करें तो भाजपा 31.3, JMM को 20.4, कांग्रेस को 10.5 और JVM को 10 फीसदी वोट मिले थे।

मतदान

पांच चरणों में डाले जाएंगे वोट

इस महीने की शुरुआत में चुनाव आयोग ने झारखंड में विधानसभा चुनावों की घोषणा की थी। राज्य में पांच चरणों में वोट डाले जाएंगे। पहले चरण के तहत 30 नवंबर, दूसरे चरण के लिए 7 दिसंबर, तीसरे चरण के लिए 12 दिसंबर, चौथे चरण के लिए 16 दिसंबर और पांचवे चरण के लिए 20 दिसंबर को मतदान होगा। नतीजों का ऐलान 23 दिसंबर को किया जाएगा। फिलहाल राज्य में भाजपा रघुबर दास के नेतृत्व में सरकार चला रही है।