लोकसभा स्पीकर पर कागज फेंकने के आरोप में विपक्ष के 8 सांसद निलंबित
क्या है खबर?
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को भाषण देने से रोकने पर विपक्षी सांसदों ने स्पीकर की कुर्सी पर कागज फाड़कर उड़ाए और हंगामा किया, जिस पर कार्रवाई की गई है। लोकसभा अध्यक्ष ने विपक्ष के 8 सांसदों को लोकसभा की कार्यवाही से निलंबित कर दिया है। इस संबंध में संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने प्रस्ताव पारित किया था, जिसे पारित कर दिया गया और कार्यवाही बुधवार सुबह तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
हंगामा
इन सांसदों पर हुई कार्यवाही
लोकसभा अध्यक्ष ने कांग्रेस सांसद मणिकम टैगौर, अमरिंदर सिंह वारिंग, गुरजीत सिंह औलिया, हेबी एडिन, प्रशांत पटोले, किरन रेड्डी और एस वेंकेटेश को निलंबित किया गया है। आरोप है कि उन्होंने सदन में स्पीकर की कुर्सी के पास आकर हंगामा किया और कागज फाड़कर उनको कुर्सी के पास उड़ा दिए। सांसदों को निलंबित करने के बाद सभा की कार्यवाही को बुधवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया है।
सदन
राहुल गांधी के भाषण को लेकर हुआ था हंगामा
लोकसभा में दोपहर 2 बजे नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बोलना शुरू किया था। उन्होंने मंगलवार के मुद्दे से शुरूआत की और पूर्व सेना प्रमुख मनोज मुकुंद नरवणे की अप्रकाशित किताब का उल्लेख करते हुए चीनी घुसपैठ का मुद्दा उठाया। इसी को लेकर सत्ता पक्ष के सांसदों ने हंगामा कर दिया और सदन के नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया। विपक्षी सांसदों ने भी राहुल को भाषण देने से रोकने के लिए नारेबाजी की और कागज फाड़कर उड़ाए।