Page Loader
स्ट्रॉबेरी से बनाएं ये स्वादिष्ट व्यंजन, आसान हैं इनकी रेसिपी
स्ट्रॉबेरी की स्वादिष्ट रेसिपीज

स्ट्रॉबेरी से बनाएं ये स्वादिष्ट व्यंजन, आसान हैं इनकी रेसिपी

लेखन अंजली
Dec 30, 2021
07:26 pm

क्या है खबर?

स्ट्रॉबेरी एक स्वादिष्ट फल है, जिसकी नई-नई रेसिपी न ट्राई की जाएं, ऐसा कैसे हो सकता है। खास बात तो यह है कि स्ट्रॉबेरी का सेवन भले ही किसी भी तरह से किया जाए, इससे स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव ही पड़ता है। आज हम आपको स्ट्रॉबेरी की कुछ ऐसी स्वादिष्ट रेसिपी के बारे में बताने जा रहे हैं, जो यकीनन आपको बेहद पसंद आएगी। चलिए फिर ऐसी ही कुछ रेसिपी जानते हैं।

#1

स्ट्रॉबेरी चीज़ केक

केक के टिन को मक्खन से चिकना करें, फिर इसमें चॉकलेट बिस्कुट का चुरा डालकर चम्मच से दबाएं। इसके बाद टिन को 30 मिनट के लिए फ्रिज में रख दें। अब आवश्यकतानुसार स्ट्रॉबेरी को मिक्सी में पीसें, फिर इसे एक बड़े कटोरे में क्रीम चीज़, सॉर क्रीम और चीनी के साथ अच्छे से मिलाएं। इसके बाद इस मिश्रण को केक के टिन में डालें, फिर इसे ओवन में 50-55 मिनट के लिए बेक करके इसका स्वाद लें।

#2

स्ट्रॉबेरी लस्सी

स्ट्रॉबेरी लस्सी बनाने के लिए सबसे पहले एक मिक्सी के जार में एक कप स्ट्रॉबेरी की प्यूरी, एक कप दही, आधा कप दूध, एक से दो चम्मच चीनी और एक चौथाई चम्मच इलायची पाउडर डालकर अच्छे से पीस लें। अगर आपको ये मिश्रण अधिक गाढ़ा लगे तो इसमें थोड़ा पानी मिलाएं। इसके बाद इस मिश्रण को गिलास में डालकर इस पर थोड़े बारीक कटे सूखे मेवे छिड़के, फिर इसे परोसें।

#3

स्ट्रॉबेरी रोल्स

स्ट्रॉबेरी रोल्स बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े कटोरे में यीस्ट, चीनी और पानी को अच्छे से मिलाएं। इसके बाद मैदा, मक्खन, नमक और अंडे को मिलाकर मिश्रण को मुलायम गूंथ लें। अब इस मिश्रण का छोटा सा हिस्सा लेकर उसका रोल बनाएं, फिर उस पर थोड़ी चीनी, दालचीनी का पाउडर और थोड़ा मक्खन छिड़ककर इसे ओवन में बेक करें। बेक करने के बाद रोल पर स्ट्रॉबेरी प्यूरी डालकर परोसें। इसी तरह सारे मिश्रण के रोल्स बना लें।

#4

स्ट्रॉबेरी फेटा सलाद

सबसे पहले आवश्यकतानुसार स्ट्रॉबेरी को छोटे-छोटे चकोर आकार में काटकर एक प्लेट में फैला लें। इसके बाद एक कटोरी में एक चौथाई कप जैतून के तेल को एक चम्मच नींबू के रस के साथ मिलाकर इसे स्ट्रॉबेरी पर डालें और अच्छे से मिला लें। अब स्ट्रॉबेरी पर आधा कप फेटा चीज़ कद्दूकस करके डालें, फिर इसका जायका लें। यकीनन यह स्ट्रॉबेरी फेटा सलाद आपको और आपके परिवार को बेहद पसंद आएगा।