Page Loader
खूबसूरत पर्यटन स्थल है शिलांग, घूमने जा रहे हैं तो जान लें ये जरूरी बातें
शिलांग की यात्रा से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें

खूबसूरत पर्यटन स्थल है शिलांग, घूमने जा रहे हैं तो जान लें ये जरूरी बातें

लेखन अंजली
May 29, 2022
06:00 am

क्या है खबर?

शिलांग, भारत के उत्तर-पूर्वी में बसा मेघालय राज्य का एक बहुत खूबसूरत शहर है, जो पहाड़ियों पर बसा हुआ है। शिलांग को "पूर्वी भारत का स्कॉटलैंड" भी कहा जाता है। यह अपने प्राकृतिक नजारों के लिए जाना जाता है। इस वजह से यह पर्यटकों के आकर्षण का मुख्य केंद्र है। अगर आप शिलांग घूमने जाने वाले हैं तो आइए आज हम आपको कुछ महत्वपूर्ण बातें बताते हैं ताकि आपके लिए आपकी यात्रा आरामदायक और मजेदार बन सके।

राह

शिलांग कैसे पहुंचे?

हवाई मार्ग: गुवाहाटी हवाई अड्डा शिलांग से 100 किलोमीटर की दूरी पर है, जहां से आप टैक्सी से पहुंच सकते हैं। रेल मार्ग: शिलांग के निकटतम गुवाहाटी रेलवे स्टेशन है, जो इस पर्यटन स्थल से 105 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। सड़क मार्ग: शिलांग दिल्ली से लगभग 2,000 किलोमीटर से ज्यादा दूरी पर है, इसलिए बेहतर होगा कि अपने निजी वाहन से लॉन्ग ड्राइव की बजाय प्राइवेट टैक्सी या फिर बस से यह सफर तय करें।

समय

शिलांग में घूमने का सबसे अच्छा समय

गर्मी का मौसम शिलांग की यात्रा करने का सही समय है क्योंकि यहां का मौसम सुहावना रहता है। यहां का तापमान गर्मियों में 15 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है। इस दौरान शिलांग में सैर करते हुए प्रकृति दृश्यों को निहार सकते हैं। वहीं, इस बात का ध्यान रखें कि शिलांग एक पहाड़ी पर्यटन स्थल है, इसलिए अपने साथ कुछ गर्म लेकर जरूर जाएं क्योंकि वहां आपको ठंड लग सकती है।

पर्यटन

शिलांग में घूमने के लिए लोकप्रिय स्थान

शिलांग एक खूबसूरत जगह है, जो हरे-भरे पहाड़ों, अद्भुत झरनों और खूबसूरत झीलों का आकर्षण केंद्र है। यहां के पर्यटन स्थलों की बात करें तो आप ईस्ट खासी हिल्स, उमियम झील और एलीफेंट फॉल्स आदि की यात्रा कर सकते हैं। वहीं, यहां मौजूद एशिया के सबसे स्वच्छ गांव मावलिननॉन्ग की यात्रा करना न भूलें क्योंकि यह जगह अपने आप में ही कई खूबियां समेटे हुए है। इसके अतिरिक्त, दावकी नदी में बोटिंग कर सकते हैं।

रहने की व्यवस्था

शिलांग में ठहरने के विकल्प

शिलांग महिलाओं के लिए एक सुरक्षित शहर है क्योंकि इसमें खासी जनजाति की मातृसत्तात्मक संस्कृति है। अगर कोई महिला अकेली शिलांग की यात्रा करने वाली है तो वह छात्रावासों या होमस्टे में ठहर सकती है और स्थानीय संस्कृति और भोजन का आनंद ले सकती है। वहीं, मेघालय की राजधानी होने के नाते शिलांग में आपके लिए ठहरने के बहुत सारे विकल्प हैं। बैकपैकर्स के लिए बढ़िया होटल, लक्जरी होमस्टे और मिड-रेंज होमस्टे और हॉस्टल हैं।