LOADING...
क्या होता है बैले डांस? जानिए क्या है इस अनोखी नृत्य कला का इतिहास 

क्या होता है बैले डांस? जानिए क्या है इस अनोखी नृत्य कला का इतिहास 

लेखन सयाली
Apr 27, 2025
05:30 pm

क्या है खबर?

डांस एक ऐसी कला है, जिसके दुनियाभर में कई प्रकार हैं। भारत में कत्थक से लेकर भरतनाट्यम तक, न जाने कितने ही नृत्य किए जाते हैं। हालांकि, जिस डांस फॉर्म को दुनिया का सबसे एलिगेंट डांस माना जाता है, उसका नाम है बैले। इसमें पैरों और हाथों को इनायत से हिलाया जाता है, लेकिन यह जितना आसान दिखता है, असल में उतना ही कठिन होता है। आज के लेख में हम आपको बैले डांस के इतिहास के बारे में बताएंगे।

बैले डांस

कहा से हुई थी बैले डांस की उत्पत्ति?

बैले डांस एक पारंपरिक कला है, जिसकी उत्पत्ति 500 ​​साल पहले इटली में हुई थी। इस कला का नाम इतालवी शब्द 'बल्लारे' से प्रेरित है, जिसका मतलब ही 'नाचना' होता है। बैले करने के लिए बहुत ताकत, संतुलन, तकनीकी कौशल और लचीलेपन की जरूरत पड़ती है। परंपरागत रूप से बैले नर्तकियां 'एन प्वाइंट' पर खड़े होकर, यानि अपने पंजों के बल पर खड़ी होकर यह डांस करती हैं। अरेबेस्क, प्लीज और पिरोएट जैसी मुद्राएं बैले का हिस्सा हैं।

इतिहास

कैसा रहा इस डांस फॉर्म का इतिहास?

15वीं शताब्दी में बैले डांस शाही परिवार के लोगों को ही सिखाया जाता था। राजा लुई XIV ने 1661 में एकेडेमी रोयाले डे डांस नामक बैले स्कूल की स्थापना की थी, जिसने इस कला को लोकप्रिय बना दिया। 19वीं सदी में फ्रांस में बैले की लोकप्रियता घटने लगी थी, लेकिन जल्द ही यह रूस और डेनमार्क जैसे क्षेत्रों में मशहूर हो गया। 20वीं सदी तक आते-आते यह एक रोमांटिक डांस फॉर्म बनकर उभरा और पूरी दुनिया में प्रसिद्ध हो गया।

प्रकार

बैले डांस के प्रकार

पारंपरिक रूप से बैले डांस के 4 मुख्य प्रकार होते हैं, जिन्होनें इस कला को रूप दिया। इनमें रोमांटिक बैले, शास्त्रीय बैले, कंटेम्पररी बैले और निओक्लासिकल बैले शामिल हैं। रोमांटिक बैले में भावना, संगीत, एलिगेंस और नाटकीयता पर जोर दिया जाता था। शास्त्रीय बैले में ऑर्केस्ट्रा के साथ कहानियां पेश की जाती हैं। कंटेम्पररी बैले में ऊपरी शरीर के ज्यादा मूवमेंट शामिल होते हैं। 1920 में उभरे निओक्लासिकल बैले में पारंपरिक तकनीकों का पालन नहीं होता है।

मशहूर बैले

दुनियाभर में आज भी परफॉर्म किए जाते हैं ये बैले

500 सालों में बैले डांस की कई परफॉरमेंस की जा चुकी हैं, लेकिन कुछ ने दुनिया पर खास प्रभाव डाला है। स्वान लेक अब तक के सबसे प्रसिद्ध शास्त्रीय बैले में से एक है, जो एक राजकुमार और हंस के भेस में छुपी राजकुमारी की कहानी सुनाता है। डिज्नी की फिल्म स्लीपिंग ब्यूटी से प्रेरित बैले भी सभी का पसंदीदा है। वहीं, शेक्सपियर के नाटक रोमियो एंड जूलिएट वाला बैले आज भी सबसे लोकप्रिय है।