गणेश उत्सव: गणपति विसर्जन के बाद बचा पानी न फेंके, इन तरीकों से करें इस्तेमाल
क्या है खबर?
गणेश उत्सव के खत्म होने पर भक्त भगवान गणेश की मूर्ति को पानी में प्रवाहित करते हैं। कुछ लोग नदियों में विसर्जन करते हैं तो कुछ बड़े टब, बाल्टी या ड्रम में भी यह करते हैं। इस प्रक्रिया में इस्तेमाल होने वाले पानी को फेंकने के बजाय उसका उपयोग किया जा सकता है। आइए जानते हैं गणपति विसर्जन के बाद बचे पानी का उपयोग करने के आसान तरीके, जिससे पर्यावरण को भी फायदा होगा।
#1
घर के पौधों के लिए है बेहतरीन
गणपति विसर्जन का पानी घर के पौधों के लिए बहुत अच्छा होता है। यह पानी मिट्टी के पोषक तत्वों को बढ़ाने में मदद करता है।
आप इस पानी का उपयोग अपने घर के पौधों को सींचने के लिए कर सकते हैं। इससे पौधे हरे-भरे और स्वस्थ रहेंगे।
अगर आपके घर में ज्यादा पौधे नहीं हैं तो इस पानी को अपने आस-पास के पार्क या बगीचे में भी डाल सकते हैं।
#2
लिक्विड फर्टिलाइजर की तरह करें इस्तेमाल
विसर्जन के बाद बचने वाले पानी का इस्तेमाल आप लिक्विड यानि तरल फर्टिलाइजर की तरह भी कर सकते हैं। इसके लिए पहले पानी को अच्छी तरह छान लें, ताकि सारी पंखुड़ियां आदि निकल जाएं।
इसके बाद बचे हुए पानी को एक स्प्रे बोतल में भर लें और पौधों पर छिड़कें। इसकी मदद से पौधों को मिनरल मिलेंगे, वे हरे-भरे रहेंगे और साथ ही कीड़े आदि आने का भी खतरा कम होगा।
#3
घर के आंगन की सफाई में करें उपयोग
गणपति विसर्जन का पानी घर के आंगन में डालना शुभ माना जाता है। आप इसका थोड़ी मात्रा में छिड़काव कर सकते हैं या इससे आंगन की सफाई कर सकते हैं।
इससे आप घर के बाहर वाला प्रवेश द्वार भी साफ कर सकते हैं, ताकि सफाई भी हो जाए और घर में सुख और शांति भी बनी रहे। अगर पानी ज्यादा गंदा हो तो आप उसे बगीचे में डालने का विकल्प ही चुन सकते हैं।
#4
पेंटिंग में आएगा काम
गणपति विसर्जन का पानी कला को रूप देने के लिए भी काम में लाया जा सकता है। जी हां, आप इस पानी से पेंटिंग कर सकते हैं और सुंदर-सुंदर चित्र बना सकते हैं।
इससे आपकी पेंटिंग न केवल सुंदर बनेगी, बल्कि उसमें बाप्पा का अंश भी होगा, जो उसे आपके लिए और भी खास बना देगा। इस पेंटिंग को आप घर की सजावट के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं या मंदिर में रख सकते हैं।