बॉलीवुड सेलिब्रिटी की तरह सबसे खास लुक चाहती हैं? इन तरीकों से पहनें सोने के गहने
क्या है खबर?
सोने के गहने हमेशा से भारतीय महिलाओं के श्रृंगार में सबसे खास स्थान रखते हैं। इन्हें पारंपरिक रूप से तो सभी पहन लेते हैं, लेकिन सेलिब्रिटी इन्हें पहनने का नया अंदाज पेश करते हैं। बड़े और खास गहने हों या छोटे, बॉलीवुड सेलिब्रिटी दिखाते हैं कि सोने के साथ कई अनोखे लुक पाए जा सकते हैं। अगर आप भी उनसे प्रेरणा लेकर सबसे सुंदर दिखना चाहती हैं तो इन फैशन टिप्स को ध्यान में रखते हुए सोने के जेवर पहनें।
#1
हारों को लेयर करें
कपड़ों को बेहतर दिखाने के लिए कई हार एक साथ पहनना सेलिब्रिटी के बीच खूब चलन में है। अलग-अलग लंबाई और डिजाइन के हार एक साथ पहनने से आपका लुक बहुत खास दिख सकता है। इससे आप शाही नजर आ सकती हैं और लोगों का ध्यान अपनी और खींच सकती हैं। सबसे पहले एक चोकर पहनें, उसके बाद एक सादी चेन पहनें और उसके ऊपर उससे लंबे हार स्टाइल कर लें।
#2
दूसरे धातुओं के साथ मिलाकर पहनें
सोने को चांदी या रोज गोल्ड जैसे दूसरे धातुओं के साथ पहनना भी आपको सेलिब्रिटी जैसा लुक दे सकता है। इससे उनका लुक नया और आधुनिक लग सकता है और आप भीड़ से अलग दिख सकती हैं। इस तरीके से आपके कपड़ों में एक अलग रंगत आ सकती है। यहां तक कि सादे कपड़े भी इससे बहुत शानदार लगने लगते हैं। कंगन या अंगूठियों में भी आप अलग-अलग धातु मिलाकर पहनकर देखिए।
#3
बड़े झुमके बनेंगे खास आकर्षण
बड़े झुमके सेलिब्रिटी को हमेशा से पसंद रहे हैं और ये सदाबहार होने के चलते कभी ट्रेंड से बाहर भी नहीं होते। इन्हें आप किसी भी पारंपरिक या इंडो-वेस्टर्न कपड़ों के साथ पेयर कर सकती हैं। बड़े गोल घेरे वाले झुमके हों या बारीक कारीगरी वाले लंबे झुमके, ये आपके पूरे लुक को बहुत सुंदर बना सकते हैं। जब आप बड़े झुमके पहनें तो बाकी गहने हल्के रखें। ऐसा करने से पूरा ध्यान झुमकों पर ही टिकता है।
#4
कई अंगूठियां एक साथ पहनें
सोने की कई अंगूठियां एक साथ पहनना भी एक अच्छा तरीका है। अलग-अलग आकार, डिजाइन और बनावट वाली अंगूठियों को उंगलियों में पहनें। यह तरीका इन दिनों पूरी दुनिया के सेलिब्रिटी के बीच प्रचिलित हो रहा है। पतली अंगूठियों को डिजाइन वाली या पत्थरों वाली अंगूठियों के साथ मिलाकर पहनिए। इससे आपके हाथ सुंदर नजर आएंगे और आप अलग भी दिख सकेंगी। हो सके तो कुछ उंगलियों में एक से ज्यादा अंगूठियां लेयर करें।
#5
रोजाना पहनने के लिए सादे डिजाइन चुनें
रोजाना पहनने के लिए सादे सोने के गहने सबसे सही रहते हैं। सेलिब्रिटी भी ज्यादातर लुक के साथ हल्के और सरल डिजाइन वाले जेवर ही पहनना पसंद करते हैं। ये बहुत भारी नहीं लगते और एक एलिगेंट लुक प्रदान करते हैं। आप बाहर जाते समय पतले कंगन, छोटी बालियां, चेन या अंगूठी पहन सकती हैं। ये गहने कपड़ों को बिना दबाए एक खास चमक देते हैं। सादे डिजाइन वाले गहने हर तरह के कपड़ों के साथ अच्छे लगते हैं।