ब्यूटी आइकन मर्लिन मुनरो जैसी खूबसूरत दिखना चाहती हैं? अपनाएं उनके ये 5 मेकअप टिप्स
क्या है खबर?
हॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री मर्लिन मुनरो की खूबसूरती का आज भी कोई मुकाबला नहीं किया जा सकता। वह भले ही दुनिया को अलविदा कह गई हों, लेकिन आज भी वह दुनियाभर की ब्यूटी आइकन मानी जाती हैं। महिलाएं उनके फैशन, स्टाइल और मेकअप को दोहराने की कोशिश करती हैं, ताकि वे उनके जितनी सुंदर दिख सकें। अगर आप भी मुनरो जैसा लुक पाना चाहती हैं तो उनके मेकअप टिप्स आजमाकर देखें।
#1
वैसलीन से बढ़ाएं चमक
बताया जाता है कि मुनरो तैयार होने के लिए 2 घंटे का समय लिया करती थीं। वह 80 साल पहले भी मॉइस्चराइजर का महत्व समझती थीं और उसी से शुरुआत करती थीं। इसके बाद वह प्राइमर की जगह वैसलीन इस्तेमाल करती थीं। मेकअप पूरा होने के बाद वह चेहरे की चमक को बढ़ाने के लिए गलों पर भी वैसलीन लगाया करती थीं। इतना ही नहीं, वह आई लैशेज को लंबा दिखाने के लिए अन्य उत्पादों के बाद वैसलीन लगाती थीं।
#2
5 अलग-अलग रंगों वाली लिपस्टिक इस्तेमाल करें
मुनरो अपनी चटख लाल रंग की लिपस्टिक के लिए जानी जाती थीं, जो उनकी पहचान बन गई थी। हालांकि, यह लिपस्टिक एक ही रंग की नहीं होती थी। वह परफेक्ट शेड को हासिल करने के लिए लाल रंग के 5 अलग-अलग शेड का इस्तेमाल किया करती थीं। वह ब्रश की मदद से लिपस्टिक लगाती थीं और सबसे पहले होठों के बीच के हिस्से में सबसे हल्का शेड भरती थीं। इसके बाद वह एक-एक करके सभी अन्य शेड लेयर करती थीं।
#3
3 रंगों का आई लाइनर लगाएं
मुनरो का आई मेकअप भी हमेशा बोल्ड और शानदार होता था और वह अपने साईरन आई लुक के लिए मशहूर थीं। वह सबसे पहले आखों पर सफेद रंग की क्रीम लगाती थीं। वह आखों को सुंदर दिखाने के लिए 3 रंगों का आई लाइनर लगाया करती थीं। ऊपरी पलक और विंग के लिए वह काला लाइनर इस्तेमाल करती थीं। निचली पलकों के लिए मुनरो भूरे रंग का लाइनर लगाती थीं और वॉटर लाइन पर सफेद लाइनर उपयोग करती थीं।
#4
आई लैश को काटें और भौहों को नुकीला रखें
मुनरो की आखें हमेशा ऐसी लगती थीं, मानो वह सो कर उठी हों। इसका राज था उनके आधे कटे हुए आई लैशेज। वह अपने आई लैशेज को हमेशा आधा काटकर आखों के बाहरी हिस्से पर ही चिपकाती थीं। मुनरो अपनी भौहों को हमेशा नुकीला रखना पसंद करती थीं। वह भूरे रंग की आई ब्रो पेंसिल का इस्तेमाल करके उन्हें आकार दिया करती थीं। अंत में वह भौहों पर परफ्यूम भी लगाया करती थीं।
#5
नाक पर ब्लश लगाएं और मेकअप सेट करें
लोग मानते हैं कि चेहरे को कंटूर करने का चलन पिछले कुछ सालों में प्रचिलित हुआ है। हालांकि, मुनरो हमेशा से ही चेहरे को पतला दिखाने के लिए यह ट्रिक आजमाती आई थीं। दरअसल, वह ब्लश से चेहरे को कंटूर करती थीं और गालों के साथ-साथ नाक भी यह उत्पाद लगाती थीं। मेकअप खत्म होने के बाद वह पूरे चेहरे पर सेटिंग पाउडर लगाती थीं, जिससे उनका मेकअप फ्लॉलेस और सुंदर दिखता था।