घर पर आसानी से बनाया जा सकता है वेज स्कैंडिनेवियन ओपन सैंडविच, जानिए इसकी रेसिपी
क्या है खबर?
स्कैंडिनेविया यूरोप का एक क्षेत्र है, जहां स्वीडन, डेनमार्क, नॉर्वे और आइसलैंड आदि देश आते हैं। इन देशों में ओपन सैंडविच खाने का चलन है, जो ब्रेड के टुकड़े पर सब्जियां रखकर बनाए जाते हैं। आइए आज हम आपको वेज स्कैंडिनेवियन ओपन सैंडविच की रेसिपी बताते हैं, जिसे घर पर बनाना आसान है। इसे आप नाश्ते में तो खा ही सकते हैं, साथ ही स्नैक के रूप में भी इसका सेवन कर सकते हैं।
सामग्री
स्कैंडिनेवियन ओपन सैंडविच के लिए जरूरी सामग्री
स्कैंडिनेवियन ओपन सैंडविच बनाने के लिए आपको 2 ब्रेड के टुकड़े, 2 बड़े चम्मच क्रीम चीज, आधा खीरा (पतले टुकड़ों में कटा हुआ), थोड़ी पत्तागोभी (बारीक कटी हुई), थोड़ी लाल और हरी शिमला मिर्च (बारीक कटी हुई), थोड़ी हरी मटर, कुछ जैतून, थोड़ी काली मिर्च, थोड़ा चाट मसाला, थोड़ा नींबू का रस, थोड़ी लाल मिर्च का पाउडर, थोड़ी अदरक (कद्दूकस की हुई), थोड़ी गाजर (कद्दूकस की हुई ) और थोड़ा धनिया चाहिए होगा।
रेसिपी
ओपन सैंडविच बनाने का तरीका
सबसे पहले ब्रेड के टुकड़ों को सेंकें, फिर उन्हें एक प्लेट में रख दें। अब एक बर्तन में क्रीम चीज के साथ नींबू का रस, काली मिर्च और लाल मिर्च का पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इसके बाद इस मिश्रण को सेंकी हुई ब्रेड के ऊपर लगाएं। इसके बाद पत्तागोभी, गाजर, हरी मिर्च और हरी मटर को मिलाकर ब्रेड पर फैलाएं। अंत में ऊपर से शिमला मिर्च, खीरा और जैतून को सजाकर परोसें।
पोषण
इस सैंडविच से मिलने वाले लाभ
यह व्यंजन न केवल स्वादिष्ट है, बल्कि पोषक तत्वों से भरपूर भी है। इसमें मौजूद क्रीम चीज प्रोटीन का अच्छा स्रोत है, जबकि पत्तागोभी, गाजर, हरी मिर्च, हरी मटर, शिमला मिर्च और खीरा फाइबर से भरपूर सब्जियां हैं। इन सब्जियों का सेवन पाचन क्रिया को ठीक रखने और शरीर में पानी की कमी को पूरा करने में मदद कर सकता है। यह सैंडविच आपके खाने में विविधता लाने का एक अच्छा तरीका हो सकता है।
सुझाव
सैंडविच बनाते समय रखें इन बातों का ध्यान
इस सैंडविच में अगर आप पकी हुई सब्जियां शामिल करते हैं तो ध्यान रखें कि उन्हें ज्यादा न पकाएं, क्योंकि इससे पोषक तत्व कम हो जाते हैं। शिमला मिर्च और हरी मटर को हल्का-सा भूनकर पकाया जा सकता है। हालांकि, पत्तागोभी और गाजर आदि को कच्चा ही रहने दें। इन सब्जियों का सेवन पाचन क्रिया को ठीक रखने में मदद कर सकता है। यह सैंडविच आपके खाने में ताजगी और स्वाद का नया अनुभव जोड़ सकता है।