Loading...
शाही पनीर की जगह मेहमानों के लिए बनाएं कश्मीरी पनीर कालिया, जानें इसकी आसान रेसिपी

शाही पनीर की जगह मेहमानों के लिए बनाएं कश्मीरी पनीर कालिया, जानें इसकी आसान रेसिपी

लेखन सयाली
Feb 12, 2024
02:28 pm

क्या है खबर?

कश्मीर अपने प्राकृतिक सौंदर्य के साथ-साथ अपने लजीज जायके के लिए भी मशहूर है। यहां का खाना आपको उंगलियां चाटने पर मजबूर कर देगा। कश्मीरी राजमा और दम आलू तो सभी के मन को भाता ही है। इसी क्रम में आज हम आपको यहां के प्रसिद्ध कश्मीरी पनीर कालिया की लाजवाब रेसिपी बताएंगे। आप भी रोज-रोज मटर पनीर, पालक पनीर या शाही पनीर खा कर ऊब गए हैं तो इस व्यंजन का लुफ्त उठाएं।

सामग्री 

कश्मीरी पनीर कालिया बनाने के लिए लगेगा ये सामान 

पनीर के टुकड़े (300 ग्राम)

सरसों का तेल (2 बड़ी चम्मच)

जीरा (1 बड़ी चम्मच)

हल्दी पाउडर (1 छोटी चम्मच)

सौंफ (2 छोटी चम्मच)

हींग (1/2 छोटी चम्मच )

लौंग (4)

तेजपत्ता (2)

हरी इलायची (8-9)

बड़ी इलायची (4)

हरी मिर्च (कटी हुई)

केसर (4-5 टुकड़े)

पानी (5 कप)

दूध (1 कप)

नमक

सूखी मेथी (1 बड़ी चम्मच)

#1

बिना प्याज-टमाटर के बनती है ये रेसिपी 

कश्मीरी पनीर कालिया एक मलाईदार व्यंजन है, जो बनाने में आसान और बहुत स्वादिष्ट है। अन्य पनीर व्यंजनों के विपरीत इसमें टमाटर, प्याज या अदरक-लहसुन का इस्तेमाल नहीं होता है, फिर भी इसके जायके में कोई कमी नहीं होती।

इसके मलाईदार होने का कारण दूध है, जिसे अन्य सामग्री के साथ मिलाने पर गाढ़ी ग्रेवी बनती है। मसाले, दूध और केसर इसे एक सुगंधित स्वाद देते हैं और इसे खास बनाते हैं।

ADVERTISEMENT

#2

कश्मीरी पनीर कालिया बनाने की विधि 

सबसे पहले एक पैन में सरसों का तेल गर्म करें। इसमें पनीर के टुकड़े डालकर उसे सुनहरा होने तक भून लें। पनीर के टुकड़ों को आप अपने अनुसार काट सकते हैं। इन्हें पैन से निकालकर एक तरफ रख दें।

अब पैन में जीरा, तेजपत्ता, हरी इलायची, बड़ी इलायची, हरी मिर्च और लौंग डालें। इन्हें मिलाएं और सभी खड़े मसालों को अच्छी तरह से भून लें।

अब इन भुने हुए मसालों को पीसकर एक पेस्ट तैयार कर लें।

ADVERTISEMENT

#3

ऐसे तैयार करें ग्रेवी 

एक बड़े बर्तन में पानी डालें और उबाल लें। पानी में उबाल आने पर इसमें हल्दी पाउडर, नमक और हींग डालें। मसालों को अच्छी तरह मिला लें। इसमें मसालों का पेस्ट भी मिला दें।

ग्रेवी को तेज आंच पर उबलने दें। पानी थोड़ा कम हो जाने पर इसमें पनीर के टुकड़े डालकर नरम होने और ग्रेवी गाढ़ी होने तक पकाएं।

पनीर को पहले ही तल लेने से यह पानी में डालने के बाद गलेगा या टूटेगा नहीं।

#4

दूध से रेसिपी को बनाएं मलाईदार 

अब इसमें 1 कप दूध और केसर के कुछ धागे डालें और उबाल आने तक पकाएं। आप अपने स्वाद के अनुसार ग्रेवी के मसालों को समायोजित कर सकते हैं।

इसके ऊपर कुटी हुई मेथी की पत्तियां डालें। गैस बंद कर दें और इसे कटी हुई हरी धनिया से सजाएं।

अब आपका कश्मीरी पनीर कालिया परोसने के लिए तैयार है। इसे रोटी या चावल के साथ मजे से खाएं।

ADVERTISEMENT