मानसून के दौरान आजमाएं ये हेयर मास्क, बाल रहेंगे स्वस्थ
क्या है खबर?
मानसून के दौरान बालों को नमी और फंगस से बचाकर रखना बहुत जरूरी है। इसके लिए आप कुछ घरेलू नुस्खों को अपनाकर अपने बालों को सुरक्षित रख सकते हैं। दरअसल, मानसून के दौरान नमी के कारण सिर की त्वचा पर फंगस पनपने लगती है, जिससे बाल कमजोर होकर टूटने लगते हैं। आइए आज हम आपको कुछ ऐसे हेयर मास्क की विधि बताते हैं, जिनका इस्तेमाल मानसून के दौरान करना फायदेमंद है।
#1
केले और जैतून के तेल का हेयर मास्क
केले में पोटेशियम और विटामिन होते हैं, जो बालों को पोषण देते हैं, जबकि जैतून का तेल उन्हें नमी प्रदान करता है। हेयर मास्क बनाने के लिए सबसे पहले एक पके केले को मैश करें, फिर उसमें 2 चम्मच जैतून का तेल मिलाएं। अब इस मिश्रण को अपने सिर और बालों पर लगाएं और 30 मिनट के बाद सिर को शैंपू से धो लें। यह मास्क बालों को मजबूती और चमक देता है।
#2
एलोवेरा और शहद का हेयर मास्क
एलोवेरा में मौजूद गुण और शहद में मौजूद नमी बालों को टूटने से बचाने में मदद कर सकते हैं। इसके अलावा यह मिश्रण बालों को मुलायम और चमकदार बनाने में भी मदद कर सकता है। हेयर मास्क बनाने के लिए एलोवेरा के गूदे को शहद के साथ मिलाएं और फिर इसे अपने सिर पर लगाएं। 20 मिनट के बाद सिर को गुनगुने पानी से धो लें। यह मास्क बालों को स्वस्थ और मुलायम बनाता है।
#3
मेथी और दही का हेयर मास्क
मेथी में ऐसे तत्व होते हैं, जो बालों के विकास को बढ़ावा देने और उन्हें झड़ने से रोक सकते हैं। दूसरी ओर दही में मौजूद प्रोटीन बालों को मुलायम बना सकता है। हेयर मास्क बनाने के लिए एक कटोरी में मेथी के बीजों का पाउडर और दही मिलाकर एक मिश्रण तैयार करें। अब इस मिश्रण को पूरे सिर पर लगाएं और 30 मिनट के बाद सिर को ठंडे पानी से धो लें।
#4
दूध और शहद का हेयर मास्क
दूध में मौजूद विटामिन बालों को मजबूत और चमकदार बनाने में मदद कर सकते हैं। दूसरी ओर शहद बालों की नमी को बरकरार रख सकता है। हेयर मास्क बनाने के लिए एक कटोरी में दूध और शहद को अच्छे से मिलाएं, फिर इस मिश्रण को पूरे सिर पर लगाएं। इसके बाद सिर को गुनगुने पानी से धो लें। यह मास्क बालों को मुलायम और स्वस्थ बनाता है।