हिमाचल प्रदेश का स्वादिष्ट पारंपरिक व्यंजन है सेपू बड़ी, जानिए इसे बनाने का तरीका
क्या है खबर?
हिमाचल प्रदेश का खान-पान सादगी भरा और लजीज होता है। यहां का एक पारंपरिक व्यंजन सेपू बड़ी इन दिनों काफी चर्चा में आ रहा है। इसे खासतौर पर सर्दियों में खाया जाता है, क्योंकि इसमें हरी सब्जियों का उपयोग किया जाता है। सेपू बड़ी को बनाने की रेसिपी आसान है और यह आपके भोजन को न केवल स्वादिष्ट, बल्कि सेहतमंद भी बनाती है। आइए जानते हैं कि सेपू बड़ी कैसे बनाई जाती है।
सामग्री
सेपू बड़ी के लिए जरूरी सामग्री
सेपू बड़ी बनाने के लिए आपको कुछ मुख्य चीजों की जरूरत होगी, जैसे कि एक कप धुली उड़द की दाल, 2 चुटकी हींग, स्वादानुसार नमक, एक चम्मच साबुत धनिया, एक चम्मच सौंफ, एक चम्मच जीरा और तलने के लिए तेल। इसके अलावा आपको ग्रेवी के लिए 2 कप पालक, एक कप फेंटा हुआ दही, बारीक कटा प्याज, पिसे हुए टमाटर, अदरक-लहसुन का पेस्ट, एक कप उबली हरी मटर, खड़े मसाले, तेल या घी और नमक चाहिए होगा।
#1
बड़ी बनाने का तरीका
इस व्यंजन को बनाने के लिए उड़द की दाल को 2-3 घंटे के लिए पानी में भिगो दें। इसके बाद पानी हटाकर इसे दरदरा पीस लें। इस पेस्ट में हींग, नमक और कुटे हुए मसाले डालकर अच्छी तरह फेंटें। अब एक बड़ी थाली में तेल लगाएं और उसके ऊपर इस मिश्रण को मोटी परत के रूप में फैला लें। इसे कुछ देर तक भाप में पकाएं, ठंडा होने के बाद टुकड़ों में काट लें और गर्म तेल में तल लें।
#2
ग्रेवी बनाएं
अब ग्रेवी तैयार करने की बारी आती है, जिसके लिए आपको पालक को उबालकर उसका पेस्ट बनाना होगा। अब एक कढ़ाई में तेल गर्म करके उसमें सभी मसाले और जीरा भून लें। इसके बाद इसमें बारीक कटा प्याज, अदरक-लहसुन का पेस्ट और टमाटर डालकर अच्छी तरह भूनें। इसके बाद इसमें मसाले मिलाएं और तेल छोड़ने तक पकाते रहें। अंत में पिसी हुई पालक और पिसी हुई मटर मिलाकर भून लें और पानी मिलाकर पकाएं।
#3
बड़ी और दही मिलाएं
जब आपकी ग्रेवी तैयार हो जाए तो उसमें बड़ी और दही मिलाने का समय आ गया है। इसमें फेंटा हुआ दही डालें और लगातार मिलाते रहें, ताकि दही फट न जाए। जब इसमें हल्का उबाल आ जाए तो इसमें पहले से तैयार सेपू बड़ी शामिल कर दें और अच्छी तरह मिला लें। इन्हें कम से कम 5 मिनट तक पकने दें, ताकि बड़ियां ग्रेवी को अच्छी तरह सोंख लें। इसे आप चावल या रोटी के साथ खा सकते हैं।