उत्तर भारत के इन मशहूर शहरों में मनाई जाती है विशेष तरह से होली, जानें
रंगों का त्योहार होली भारत के सबसे मशहूर पर्वों में से एक है। इस दिन सभी लोग हर्षोंल्लास के साथ रंग और गुलाल खेलते हैं। यह त्यौहार अपने दुश्मनों को गले लगाकर बैर भुलाने का दिन है। इस साल होली 25 मार्च को मनाई जाएगी। इस त्योहार के नजदीक आते ही उत्तर भारत खुशहाली और रंगों में सराबोर हो जाता है। अगर आप होली का असली आनंद लेना चाहते हैं तो उत्तर भारत के इन शहरों की यात्रा करें।
मथुरा-वृन्दावन
भगवान कृष्ण की जन्मस्थली के रूप में मशहूर उत्तर प्रदेश स्थित मथुरा और वृन्दावन अपने होली उत्सव के लिए प्रसिद्ध हैं। यहां पर यह उत्सव कई दिनों तक चलता है, जिसमें स्थानीय लोग और पर्यटक मिलकर जश्न मनाते हैं। सभी एक-दूसरे को रंग लगाते हैं और पारंपरिक लोकगीत गाते हुए स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लेते हैं। मथुरा और वृन्दावन के मंदिर भी भक्ति और उत्साह से खिल उठते हैं, जिससे इस त्योहार में एक आध्यात्मिक माहौल जुड़ जाता है।
बरसाना और नंदगांव
उत्तर प्रदेश के ही बरसाना और नंदगांव में मनाई जाने वाली लट्ठमार होली एक आनंददायक अनुभव है। इस परंपरा में बरसाना गांव की महिलाएं नंदगांव के पुरुषों को लाठियों से मारती हैं। इस दौरान पुरुष खुद को बचाने की कोशिश करते हैं। यह भगवान कृष्ण और राधा की पौराणिक कहानी का एक चंचल अभिनय है, जो होली में लोककथाओं का स्पर्श जोड़ता है। इस अनोखे होली मनाने के तरीके में शामिल होने के लिए यहां की यात्रा पर विचार करें।
जयपुर
राजस्थान के गुलाबी शहर जयपुर में होली बेहद भव्यता के साथ मनाई जाती है। यहां का सिटी पैलेस एक शाही होली उत्सव का आयोजन करता है, जहां पर्यटक शाही परिवार को पारंपरिक तरह से होली मानते हुए देख सकते हैं। जयपुर में होली वसंत ऋतु की शुरुआत का प्रतीक है, जो 2 दिन का त्योहार होता है। होली को राजस्थान और उसके आस-पास के क्षेत्रों में धुलंडी कहा जाता है और इसे होलिका दहन के दूसरे दिन मनाया जाता है।
ऋषिकेश और वाराणसी
आध्यात्मिक और शांत होली का अनुभव पाने के लिए आप ऋषिकेश या वाराणसी में गंगा के तट पर जा सकते हैं। यहां का उत्सव आपको शांति और खुशी महसूस कराएगा। ऋषिकेश में भक्त पवित्र अनुष्ठान करते हैं, भजन गाते हैं और नदी किनारे गंगा आरती देखते हैं, वहीं वाराणसी में आपको उड़ते हुए रंग, रोशन घाट और मंत्रों की गूंज वास्तव में मंत्रमुग्ध कर देगी। अपने दोस्तों के साथ होली पर घूमने जाने के लिए ये जगहें सही रहेंगी।
पुष्कर
राजस्थान में स्थित पुष्कर की होली विदेशों तक प्रसिद्ध है। यहां पर इस त्योहार को कपड़ा-फाड़ होली के नाम से जाना जाता है। इस अनोखे जश्न का लुफ्त उठाने के लिए हजारों पर्यटक दुनियाभर से पुष्कर आते हैं। यहां के वाराह घाट पर और ब्रह्म चौकी पर होली का समारोह आयोजित किया जाता है, जिसमें लोग एक-दूसरे के कपड़े फाड़कर होली खेलते हैं। यहां लोग ग्रुप डांस कर के होली का लुत्फ उठाते हैं।