रोजाना पढ़ने की आदत डालना चाहते हैं? इन सुझावों से आपको मिलेगी मदद
क्या है खबर?
आजकल के दौर में पढ़ने की आदत डालना बड़ा मुश्किल हो गया है, क्योंकि ध्यान जल्दी भटक जाता है। इस आदत के जरिए नई-नई बातें पता चलती हैं और ज्ञान भी बढ़ता है। हालांकि, जो लोग अभी शुरू कर रहे हैं, उनके लिए इसे आदत बनाना और रोज निभाना थोड़ा मुश्किल हो सकता है। ऐसे में हम आपको कुछ ऐसे तरीके बताएंगे, जिनसे आप आसानी से रोज पढ़ने की आदत डाल सकते हैं।
#1
पढ़ने के लिए समय तय करें
रोजाना पढ़ने के लिए एक निर्धारित समय तय करने से हमें आदत बनाने में आसानी हो सकती है। चाहे आप सुबह चाय पीते हुए पढ़ें या रात में सोने से पहले, एक तय समय रखने से ये आदत जल्दी दिनचर्या का अहम हिस्सा बन जाती है। शुरुआत में हर दिन 10 मिनट ही पढ़ें। जब आपको अच्छा लगने लगे तो आप धीरे-धीरे समय बढ़ा सकते हैं। हालांकि, नियमितता जरूर बनाए रखें, ताकि आपकी आदत छूट न जाए।
#2
पढ़ने के लिए आरामदायक माहौल बनाएं
अगर आप पढ़ने का पूरा मजा लेना चाहते हैं तो आपकी पढ़ने की जगह आरामदायक होनी चाहिए। ऐसी शांत जगह चुनें, जहां आपको कोई तंग न करे और शोर भी न हो। साथ ही वहां अच्छी रोशनी भी होनी चाहिए, ताकि आपको लिखावट देखने में कोई परेशानी न हो। एक आरामदायक कुर्सी पर सीधे बैठे और एक मुलायम तकिया भी लगा लें। इससे पढ़ने का असली आनंद आएगा और आप बोर भी नहीं होंगे।
#3
छोटी किताबों या लेखों से शुरुआत करें
जो लोग नए सिरे से पढ़ना शुरू कर रहे हैं, उन्हें मोटी किताबों के बजाय छोटी किताबें या लेख पढ़ने चाहिए। इन्हें आप जल्दी पढ़ लेंगे और आपको लगेगा कि आपने कुछ खत्म किया है। यह भावना आपको और पढ़ने के लिए प्रेरित करेगी और आप देखते ही देखते मोटी किताबें भी जल्दी खत्म कर पाएंगे। आप कहानियों के छोटे संग्रह या ऐसे निबंध पढ़ सकते हैं, जिनमें आपकी रुचि हो।
#4
पढ़ते समय ध्यान भटकाने वाली चीजों से बनाएं दूरी
अगर आप अपने पढ़ने के समय का पूरा फायदा उठाना चाहते हैं तो ध्यान भटकाने वाली चीजों को कम करना बहुत जरूरी हो जाता है। अपने फोन को शांत कर दें और पढ़ते समय और कोई काम न करें। जब आप सिर्फ किताब पर ध्यान देंगे तो आप उसमें खो जाएंगे और ज्ञान प्राप्त कर सकेंगे। इस दौरान परिवार वालों से बात-चीत न करें, टीवी चलकर न रखें और सोशल मीडिया से तो दूर ही रहें।
#5
किसी पढ़ने वाले समूह या समुदाय से जुड़ें
अगर आप किसी पढ़ने वाले समूह या समुदाय से जुड़ते हैं तो आपको पढ़ने की प्रेरणा मिलेगी और आप अपने लक्ष्य पर टिके रहेंगे। ऐसे समूहों में आप किताबों पर चर्चा कर सकते हैं, दूसरों से अच्छी किताबें पूछ सकते हैं और ऐसे लोगों से मिल सकते हैं, जिन्हें पढ़ना पसंद है। इससे पढ़ना और भी मजेदार हो जाता है और आप नियमित तौर पर पढ़ने की आदत डालने में कामयाब हो सकते हैं।