शादी में लाल की जगह पहनें इन रंगों के लहंगे, इस साल बढ़ रहा है चलन
क्या है खबर?
शादी का सीजन शुरू हो रहा है, जिस बीच होने वाली दुल्हन लहंगे की शॉपिंग में जुट जाती हैं। हर साल शादी के लहंगों के डिजाइन और रंग बदलते हैं, ताकि नयापन बना रहे और हर दुल्हन अलग नजर आए।
अब ज्यादातर दुल्हन लाल की जगह पर गुलाबी जैसे अपरंपरागत रंगों वाले लहंगे पसंद कर रही हैं। अगर आप भी इस साल शादी कर रही हैं तो आपको लाल के बजाय इन रंगों वाले लहंगे चुनने पर विचार करना चाहिए।
#1
रस्ट नारंगी
इस साल महिलाओं के बीच जिस रंग का लहंगा सबसे ज्यादा प्रचिलित हो रहा है वह है रस्ट नारंगी। यह नारंगी रंग का एक अनोखा टोन है, जिसमें गोल्डन और लाल रंग भी मिश्रित होता है।
इस रंग के लहंगे पर गोल्डन या सिल्वर रंग का जारी वाला काम करवाया जा सकता है, जो बेहद शाही और राजसी लुक देगा।
कई महिलाएं रस्ट नारंगी के साथ मेहरून रंग के कॉम्बिनेशन वाला लहंगा भी पसंद कर रही हैं।
#2
ब्लश गुलाबी
जब से अनुष्का शर्मा ने अपनी शादी में ब्लश गुलाबी लहंगा पहना है, यह सभी महिलाओं का पसंदीदा बन गया है। जो भी दुल्हन लाल रंग का लहंगा नहीं पहनना चाहतीं, उनकी पहली पसंद यही रंग होता है।
यह रंग गुलाबी का बेहद हल्का टोन होता है। इस साल ज्यादातर महिलाएं ब्लश गुलाबी रंग का लहंगा ही पहनना पसंद कर रही हैं, जो दिन की शादी के लिए सबसे सही और सुंदर चुनाव हो सकता है।
#3
गोल्डन और वाइन
अगर लाल और उससे मिलते-जुलते शेड वाले लहंगे देख-देखकर आप पक चुकी हैं तो गोल्डन रंग वाला लहंगा चुनें। इस साल इस रंग के लहंगों का बोल-बाला रहने वाला है, जिसे पहनकर आपको किसी रानी जैसा महसूस होगा।
आप गोल्डन के साथ वाइन रंग का कॉम्बिनेशन बैठा सकती हैं, जो पारंपरिक और आधुनिक, दोनों तरह के लुक का मिश्रण पेश करेगा।
इस रंग के लहंगे के साथ भारी जेवर पहनकर आपको सबसे अलग लुक मिलेगा।
#4
मल्टीकलर
इस साल महिलाएं शादी के लिए एकल रंग के ऊपर मल्टीकलर लहंगों को प्राथमिकता दे रही हैं। मल्टीकलर का मतलब होता है कई अलग-अलग रंगों का मिश्रण।
आप ऐसा लहंगा ले सकती हैं, जिसकी स्कर्ट पर लाल, हरे, नारंगी, गुलाबी और मेहरून जैसे रंग शामिल हों। साथ ही लहंगे पर गोल्डन रंग के धागों से जरी का काम भी करवाएं, ताकि उसकी शोभा और भी बढ़ जाए।
आप अपनी पसंद के मुताबिक पेस्टल या जीवंत रंग चुन सकती हैं।