LOADING...
यह प्राकृतिक अणु केवल 28 दिनों में घटाता है बढ़ती उम्र के लक्षण, अध्ययन में खुलासा

यह प्राकृतिक अणु केवल 28 दिनों में घटाता है बढ़ती उम्र के लक्षण, अध्ययन में खुलासा

लेखन सयाली
Jul 27, 2025
06:25 pm

क्या है खबर?

जैसे-जैसे लोगों की उम्र बढ़ती है, उनके चेहरे पर झुर्रियां और महीन रेखाएं नजर आने लगती हैं। ये बढ़ती उम्र के लक्षण होते हैं, जिसके छुटकारा पाने के लिए लोग तरह-तरह के प्रयास करते हैं। हालांकि, वैज्ञानिकों ने इन लक्षणों से निपटने का एक असरदार तरीका खोज निकाला है। दरअसल, एक नए अध्ययन से सामने आया है कि एक प्राकृतिक अणु केवल 28 दिनों में एंटी-एजिंग परिणाम दिखाने की क्षमता रखता है। आइए इसके विषय में विस्तार से जानते हैं।

अध्ययन

चीन के शोधकर्ताओं ने किया यह अध्ययन

इस अध्ययन को चीन के वैज्ञानिकों ने पूरा किया है। इसे जर्नल ऑफ डर्मेटोलॉजिकल साइंस एंड कॉस्मेटिक टेक्नोलॉजी नामक पत्रिका में प्रकाशित भी किया गया है। इस नैदानिक अध्ययन से पता चलता है कि टेरोस्टिलबीन नाम के प्राकृतिक अणु उम्र बढ़ने के लक्षणों में सुधार कर सकते हैं। इससे त्वचा की देखभाल के जगत में भी सफलता हासिल की जा सकेगी। यह अध्ययन 0.1 प्रतिशत टेरोस्टिलबीन युक्त स्किनकेयर रूटीन की प्रभावशीलता का परीक्षण करने के लिए किया गया था।

प्रक्रिया

31 लोग बने थे इस अध्ययन का हिस्सा 

टेरोस्टिलबीन एक तरह का एंटीऑक्सिडेंट है, जो ब्लूबेरी में पाया जाता है। इस अध्ययन के जरिए शोधकर्ताओं ने यह जानने का प्रयास किया कि क्या यह यौगिक उम्र बढ़ने के लक्षणों में सुधार कर सकता है या नहीं। इसके लिए शोधकर्ताओं ने 31 प्रतिभागियों का 28 दिनों तक परीक्षण किया। हर प्रतिभागी ने अपने चेहरे के एक तरफ टेरोस्टिलबीन इमल्शन लगाया और दूसरी तरफ प्लेसीबो इमल्शन लगाया। उन्हें नहीं मालूम था कि किस तरफ कौन-सा उत्पाद लगाया गया है।

Advertisement

नतीजे

टेरोस्टिलबीन ने झुर्रियों को किया कम

प्रभावों का आकलन करने के लिए खास त्वचा विश्लेषण उपकरणों का इस्तेमाल किया गया था। साथ ही प्रतिभागियों की प्रतिक्रिया को भी ध्यान में रखा गया था और उन्हें रिकॉर्ड भी किया गया था। अध्ययन के परिणामों से सामने आया कि टेरोस्टिलबीन इमल्शन ने त्वचा की लोच को बेहतर बनाया और उसे ज्यादा जवान बना दिया। साथ ही इसकी मदद से मत्थे और आखों के नीचे की झुर्रियां भी कम हो गई थीं।

Advertisement

परिणाम

इसकी मदद से बढ़ा कोलेजन का उत्पादन

इस अध्ययन के सह-लेखक झियुआन चेन गुआंगजौ लुआनयिंग कॉस्मेटिक्स नामक कंपनी के संस्थापक हैं। उन्होंने बताया, "इस अणु ने एपिडर्मिस परत की मोटाई को भी बढ़ा दिया, कोलेजन और लोचदार फाइबर को बढ़ाया और त्वचा के छिद्रों को भी कम किया।" यह अध्ययन त्वचा की देखभाल के उद्योग में प्राकृतिक यौगिकों के उपयोग पर एक नया दृष्टिकोण भी प्रस्तुत करता है। शोधकर्ता टेरोस्टिलबीन के प्रभाव को पूरी तरह से समझने के लिए एक लंबा अध्ययन करेंगे।

Advertisement