यह आम स्वीटनर दिमाग के बैरियर को नुकसान पहुंचाकर बढ़ा सकता है स्ट्रोक का खतरा- अध्ययन
क्या है खबर?
जब से चीनी का सेवन कम करने की सलाह दी जाने लगी है, लोगों ने इसके सेहतमंद विकल्पों को अपनाना शुरू कर दिया है। इनमें से एक है एरिथ्रिटोल, जिसका उपयोग कम कैलोरी वाले स्वीटनर के रूप में किया जाता है। यह फलों से पाया जाता है और इसे एनर्जी ड्रिंक में मिलाया जाता है। हालांकि, इसका सेवन पूरी तरह सुरक्षित नहीं है। एक अध्ययन के मुताबिक, यह दिमाग के बैरियर को नुकसान पहुंचाकर स्ट्रोक का खतरा बढ़ा सकता है।
अध्ययन
चीन में किया गया यह अध्ययन
चीन के शोधकर्ताओं ने यह अध्ययन किया है, जिसके जरिए खून में एरिथ्रिटोल के स्तर और स्ट्रोक के जोखिम के बीच एक संभावित संबंध की पहचान हुई है।
शोधकर्ताओं ने मोटापे, मधुमेह और हृदय रोगों से पीड़ित मरीजों के खून में इस स्वीटनर को ज्यादा मात्रा में पाया है।
'हुआजॉन्ग यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी' के एंडोक्राइनोलॉजिस्ट एओ झोंग की टीम ने अध्ययन को पूरा किया और इसे 'द इंटरनेशनल जर्नल ऑफ मॉलिक्यूलर साइंस' में प्रकाशित किया गया।
जांच
क्या कहता है अध्ययन?
शोधकर्ताओं ने जीनोम-व्यापी संबंधों का विश्लेषण करने के लिए 'मेंडेलियन रैंडमाइजेशन' का उपयोग किया। सामने आया कि जिन लोगों के खून में आनुवंशिक कारणों से एरिथ्रिटोल का स्तर ज्यादा होता है, उनमें इस्केमिक स्ट्रोक होने की संभावना लगभग 25 प्रतिशत ज्यादा होती है।
अध्ययन में शोधकर्ताओं ने एरिथ्रिटोल और स्ट्रोक को जोड़ने वाले संभावित जैविक मार्गों के रूप में सूजन, ऑक्सीडेटिव तनाव, हाइपोक्सिया और संवहनी क्षति की पहचान की है।
नतीजे
नतीजों ने बढ़ाई शोधकर्ताओं की चिंता
शोधकर्ताओं ने 3 जीन (MMP9, TLR4 और HIF1A) की पहचान की, जो उनके विश्लेषणों में बार-बार सामने आए और स्ट्रोक के जोखिम को बढ़ा सकता हैं।
अध्ययन से सामने आया कि जिन लोगों में चीनी के इस विकल्प का सेवन सबसे अधिक होता है, वे पहले से ही हृदय संबंधी समस्याओं के भारी बोझ का सामना कर रहे होते हैं।
शोधकर्ताओं ने इस नतीजे को स्वास्थ्य के लिहाज से चिंताजनक बताया है।
परिणाम
क्या बोले शोधकर्ता?
झोंग ने कहा, "इस स्वीटनर को अक्सर वजन प्रबंधन और ग्लाइसेमिक नियंत्रण के लिए बढ़ावा दिया जाता है, लेकिन दिमाग की रक्त वाहिकाओं और सूजन पर इसके दीर्घकालिक प्रभावों के बारे में अभी तक पर्याप्त जानकारी नहीं है। यह अंतर एक अहम सवाल खड़ा करता है। क्या यह स्वीटनर इस संवेदनशील आबादी में रोग की प्रगति को तेज करने वाला नया स्वतंत्र कारक है?"
इस विषय पर अभी और अध्ययन की जरूरत है।