दुनिया में सबसे सुरक्षित माने गए हैं ये 5 देश, बना सकते हैं यात्रा की योजना
क्या है खबर?
जहां दुनिया के कई देशों में अशांति फैली है और जंग छिड़ी है, वहीं कुछ देश शांति के प्रतीक बनकर उभरे हैं। अर्थशास्त्र एवं शांति संस्थान का वैश्विक शांति सूचकांक (GPI) बाहरी संघर्षों और सैन्य बल के आधार पर देशों को रैंक करता है। अब इस संस्थान ने साल 2025 की सूची जारी की है, जिसके जरिए दुनिया के 5 सबसे सुरक्षित देशों का खुलासा हुआ है। इनकी यात्रा करना आपके लिए एक सुखद अनुभव होगा।
#1
आइसलैंड
आइसलैंड 2008 से लेकर आज तक दुनिया का सबसे शांतिपूर्ण देश बना हुआ है। इस साल भी इसे GPI में सुरक्षा और संरक्षा, जारी संघर्ष और सैन्यीकरण, तीनों क्षेत्रों में शीर्ष स्थान दिया गया है। यहां के कठोर मौसम का भले ही कोई भरोसा न हो, लेकिन यहां का समुदाय एक सुरक्षित माहौल बनाए रखता है। आइसलैंड की पुलिस बंदूक लेकर नहीं चलती, बच्चे अकेले प्रैम में सोया करते हैं और लोग बेझिझक रातभर बाहर घूमते रहते हैं।
#2
आयरलैंड
20वीं शताब्दी में आयरलैंड ने कई संघर्ष झेले, लेकिन फिर भी आज यह देश शांति का प्रतीक माना जाता है। इस साल की सूची में इसे दूसरा स्थान मिला है। इसे सबसे कम घरेलू और अंतरराष्ट्रीय संघर्षों वाले देशों में से एक माना जाता है। सामाजिक सुरक्षा और संरक्षा के मामले में यह शीर्ष 10 की सूची में शामिल है, क्योंकि यहां अपराध और हिंसा बहुत कम है। यहां के लोग मिल-जुलकर रहते हैं और दोस्ती को प्राथमिकता देते हैं।
#3
न्यूजीलैंड
इस साल न्यूजीलैंड 2 सीढ़ियां ऊपर चढ़कर तीसरे स्थान पर आ गया है। इसका श्रेय सुरक्षा में सुधार के साथ-साथ प्रदर्शनों और आतंकवाद से संबंधित प्रभावों में कमी को जाता है। न्यूजीलैंड का भूगोल उसे बाहरी संघर्ष से सुरक्षित रखता है। हालांकि, इसकी आंतरिक नीतियां यहां के निवासियों को शांति बनाए रखने में मदद करती हैं। यह एक ऐसा देश है, जहां लोग अपने दरवाजे खुले छोड़ देते हैं और सरकार व एक दूसरे पर पूरी तरह भरोसा करते हैं।
#4
ऑस्ट्रिया
ऑस्ट्रिया पिछले साल की सूची में तीसरे स्थान पर था, लेकिन इस साल एक कदम पीछे हटकर चौथे स्थान पर आ गया है। इस देश ने संविधान द्वारा निर्धारित तटस्थता की नीति अपनाई है, जो उसे नाटो जैसे सैन्य गठबंधनों में शामिल होने से रोकती है। इससे देश का ध्यान आंतरिक सुरक्षा पर केंद्रित रहता है और शांति बनी रहती है। ऑस्ट्रिया की दशकों पुरानी नीति का मतलब है कि राष्ट्र संघर्षों के बजाय अपने लोगों में निवेश करता है।
#5
सिंगापुर
एशिया के जिस देश ने इस सूची में शीर्ष 10 में अपनी जगह बनाई है, वह है सिंगापुर। पिछले साल की तरह इस साल भी इसे पांचवे स्थान पर रखा गया है। सैन्य व्यय के मामले में विश्व में सबसे ऊंचे स्तर पर होने के बाद भी यह देश सुरक्षा के मामले में उच्च स्थान पर है। निरंतर संघर्ष की कमी और आंतरिक सुरक्षा के कारण यहां के निवासियों में सुरक्षा की भावना बनी रहती है।