दुनिया के 60 सर्वश्रेष्ठ नाश्तों की सूची में शामिल है इन 5 भारतीय व्यंजनों का नाम
क्या है खबर?
भारत का खान-पान बहुत विविध है, जिसमें कई लजीज मसालों और जायकों का संगम मिलता है। यहां भोजन को केवल भूख मिटाने का जरिया नहीं माना जाता, बल्कि उसमें अलग-अलग राज्यों की सभ्यता भी झलकती है। भारत में नाश्ते को सबसे जरूरी मील माना जाता है और इसमें कई स्वादिष्ट व्यंजनों का सेवन किया जाता है। जून में 'टेस्ट एटलस' नामक पत्रिका ने दुनिया के सर्वश्रेष्ठ नाश्तों की सूची निकाली, जिसमें 5 भारतीय व्यंजनों का नाम भी शामिल है।
#1
मिसल
मिसल महाराष्ट्र का सबसे लोकप्रिय और मसालेदार व्यंजन है, जो खास तौर से पुणे में मशहूर है। इस व्यंजन को नाश्ते में लोग बड़े ही चाव से खाते हैं, इसीलिए इसे सूची में 18वां स्थान दिया गया है। अपनी वेबसाइट पर इस व्यंजन का वर्णन करते हुए टेस्ट एटलस ने लिखा, "एक सच्चे मिसल का मसालेदार होना जरूरी है, जबकि इसका आधार कुरकुरा होना चाहिए।" इसमें अंकुरित दाल का रसा बनाया जाता है और उसमें सेव डालकर परोसा जाता है।
#2
पराठा
पंजाब, उत्तर प्रदेश और दिल्ली जैसे उत्तर भारतीय राज्यों के लोगों को गर्मा-गर्म पराठे सबसे ज्यादा पसंद होते हैं। चाहे आलू का हो या पनीर का, पराठा नाश्ते के लिए सबसे शानदार व्यंजन माना जाता है। टेस्ट एटलस ने अपनी सूची में पराठों को 23वां स्थान दिया है। वेबसाइट पर पराठे की तारीफ में लिखा गया, "बहुमुखी, मक्खन के स्वाद वाले और सुगंधित। सुबह के समय पराठों को न नहीं कहा जा सकता।"
#3
छोले भटूरे
छोले भटूरे को दिल्ली की शान माना जाता है, जिसकी लोकप्रियता पूरे उत्तर भारत में फैली है। आम तौर पर लोग इस व्यंजन को सुबह के नाश्ते में खाना पसंद करते हैं। गर्मा-गर्म कुरकुरे भटूरों को मसालेदार छोले में डुबोकर खाना मन को तृप्त कर देता है। यही कारण है कि यह व्यंजन दुनिया के सर्वश्रेष्ठ नाश्तों की सूची में 32वें स्थान पर खड़ा है। इसका पूरा आनंद लेने के लिए इसके साथ अचार और प्याज का भी लुत्फ उठाएं।
#4
मिसल पाव
मिसल के बारे में तो हमने पहले ही बात कर ली। हालांकि, इस व्यंजन का मजा एक खास तरह की ब्रेड के साथ ही लिया जा सकता है। इस ब्रेड को पाव कहते हैं, जो महाराष्ट्रीय खान-पान में बेहद अहम है। मिसल पाव को टेस्ट एटलस ने 57वें स्थान पर रखा है। आम तौर पर लोग इस संयोजन को नाश्ते में पसंद करते हैं, लेकिन इसे स्नैक के रूप में भी खाया जा सकता है।
#5
श्रीखंड
वैसे तो भारत के लोग नाश्ते में मसालेदार और चटपटे व्यंजन ही खाना पसंद करते हैं। हालांकि, महाराष्ट्र का एक मीठा पकवान भी दुनिया के सबसे लजीज नाश्तों की सूची में शामिल हो गया है। दरअसल, श्रीखंड को इस सूची में 60वां स्थान दिया गया है, क्योंकि मराठी लोग इसे नाश्ते में खाना पसंद करते हैं। यह दही से बनने वाली मिठाई होती है, जो खीर की तरह लगती है, लेकिन उससे ज्यादा गाढ़ी होती है।