एशिया के 50 सर्वश्रेष्ठ बार की सूची में शामिल हुआ इन 4 भारतीय बार का नाम
क्या है खबर?
बार एक ऐसी जगह होती है, जहां लोग पेय पदार्थों का सेवन करते हैं और नाच-गाने का लुत्फ उठाते हैं। भारत में कई बार हैं, जो जश्न मनाते दोस्तों, सहकर्मियों और पार्टनर से भरे रहते हैं। इनमें से 4 का नाम एशिया के 50 सर्वश्रेष्ठ बार की वार्षिक सूची में शामिल हो गया है। यह सूची '50 बेस्ट' द्वारा जारी की गई है, जो अपनी वार्षिक सूचियों के माध्यम से होटल, बार और रेस्टोरेंट को मान्यता देने वाला संगठन है।
सूची
कैसे तैयार होती है यह सूची?
इस सूची के शीर्ष 50 बार की घोषणा 15 जुलाई को मकाऊ में होने वाले एक पुरस्कार समारोह के दौरान की जाएगी। हालांकि, कंपनी ने 51वीं से लेकर 100वीं रैंकिंग के परिणामों का खुलासा कर दिया है। इसमें गोवा के 2 और मुंबई व दिल्ली के एक-एक बार शामिल किए गए हैं। यह सूची एशिया के 50 सर्वश्रेष्ठ बार अकादमी के वोटों के आधार पर संकलित की गई है, जिसमें 300 से ज्यादा विशेषज्ञ शामिल होते हैं।
#1
बार आउटरिंगर, गोवा
गोवा के बार आउटरिंगर को इस सूची में पहली बार स्थान दिया गया है। यह बार अपनी समुद्री थीम वाली सजावट के लिए जाना जाता है और यहां अलग-अलग प्रकार के अलक्होलिक पेय मिलते हैं। इस सूची में इस बार को 55वां स्थान दिया गया है, जो भारत के सभी बार की तुलना में सबसे ऊपर है। यह एक प्रसिद्ध 'रम और टिकी कॉकटेल बार' है, जो डोना पाउला के तटीय कोनों में स्थित है।
#2
साइडकार, दिल्ली
साइडकार दिल्ली के सबसे प्रतिष्ठित बार में से एक है, जिसकी स्थापना यंगडुप लामा और मीनाक्षी सिंह ने मिलकर की थी। यह बार 2020 से एशिया के 50 सर्वश्रेष्ठ बार की सूची में हर साल शामिल होता है। इस साल साइडकार ने इस सूची में 22 पायदान चढ़कर 62वां स्थान हासिल कर लिया है। इस बार के कॉकटेल मेन्यू में आपको टिटौरा, कराची बिस्कुट, रूहअफजा और सुपारी जैसी अनोखी सामग्री वाले पेय भी मिल जाएंगे।
#3
द बॉम्बे कैंटीन, मुंबई
द बॉम्बे कैंटीन मुंबई का एक आधुनिक रेस्टोरेंट और बार है, जिसके मेन्यू में स्थानीय और मौसमी सामग्रियों का इस्तेमाल करके बनाए गए भारतीय व्यंजन शामिल होते हैं। इस बार की स्थापना यश भानागे और समीर सेठ ने मिलकर की थी और शेफ फ्लॉयड कार्डोज इसके पाक निदेशक और साझेदार थे। द बॉम्बे कैंटीन ने इस साल की सूची में भी अपनी जगह बनाई और 69वां स्थान पाया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करके अपनी खुशी भी जताई है।
#4
हाईडअवे, गोवा
पिछले साल ही तरह इस साल भी गोवा के हाईडअवे बार का नाम एशिया के सर्वश्रेष्ठ बार की सूची में शामिल रहा। यह वागाटोर में स्थित है और यहां लाइव संगीत, बेहतरीन कॉकटेल और सुकून भरा माहौल मिलता है। इसका कॉकटेल मेन्यू सबसे अलग है, जिसमें रम, केले, कॉफी और काले चावल से बनी 'एंड ऑफ डे' कॉकटेल लोकप्रिय है। इस सूची में हाईडअवे को 94वीं रैंकिंग दी गई है।