एक बार जरूर ट्राई करें ये मस्कारा हैक्स, बेहद खूबसूरत लगेंगी आंखें
क्या है खबर?
अगर मस्कारा लगाते समय छोटी सी भी गलती हो जाए तो इससे आंखों का पूरा मेकअप खराब हो जाता है और फिर से मेकअप करना पड़ता है। इससे महिलाओं का काफी समय यूं ही बर्बाद हो जाता है।
हालांकि अगर आप यह चाहती हैं कि आपके साथ यह समस्या न हो और मस्कारा लगाने के बाद आप बेहद खूबसूरत लगें तो आप कुछ मस्कारा हैक्स अपना सकती हैं। आइए ऐसी ही कुछ हैक्स के बारे में जानते हैं।
#1
ब्रश से पलकों को करें कर्ल
अगर आप यह चाहती हैं कि मस्कारा लगाने के बाद आपकी आंखों को एक खूबसूरत लुक मिले तो पलकों पर मस्कारा लगाने से पहले एक पुराने और साफ ब्रश को अपनी पलकों पर इस तरह फिराएं कि वे कर्ल हो जाएं।
ऐसा करने से आपकी पलकें एक अच्छी शेप में आ जाएंगी। इसके बाद आप चाहें तो अपना पसंदीदा मस्कारा पलकों पर लगाकर अपनी आंखों की खूबसूरती को बढ़ा सकती हैं।
#2
न लगाएं अतिरिक्त मस्कारा
कई महिलाएं ब्रश को बार-बार मस्कारा में डिप करके पलकों पर लगाती हैं। ऐसा करने पर ब्रश पर अतिरिक्त मस्कारा लग जाता है और फिर वह आंखों के आस-पास फैल जाता है।
इस परेशानी से बचने का एक सबसे अच्छा तरीका यह है कि आप मस्कारा लगाने से पहले ब्रश को एक टिश्यू पेपर से अच्छी तरह से पोंछ लें।
इससे अतिरिक्त मस्कारा आसानी से निकल जाएगा और बाकी मस्कारा बिल्कुल सही तरह से लगेगा।
#3
चम्मच आएगी काम
सुनने में भले ही आपको अजीब लगे, लेकिन चम्मच भी अच्छी तरह से मस्कारा लगाने में आपकी मदद कर सकती है।
इसके लिए मस्कारा लगाने से पहले अपनी बंद आंख पर चम्मच रखें और फिर पलक पर मस्कारा लगाएं। इसी तरह दूसरी पलक पर भी मस्कारा लगा लें।
दरअसल, कई बार मस्कारा लगाते समय यह आंखों के आस-पास फैल जाता है, लेकिन अगर आप चम्मच का उपयोग करके मस्कारा लगाएंगी तो ऐसा नहीं होगा और आपकी आंखें खूबसूरत लगेंगी।
#4
जब फैल जाए मस्कारा...
अगर काफी सावधानी बरतने के बाद भी आंखों के आस-पास मस्कारा फैल जाए तो ऐसे में आपको पूरा मेकअप साफ करने की जरूरत नहीं है।
उपाय के लिए मेकअप रिमूवर लिक्विड में रूई डुबोएं और इसे सिर्फ उसी जगह पर हल्के-हल्के हाथों से लगाएं जहां पर मस्कारा फैला है।
इस तरकीब की मदद से आपको पूरा मेकअप साफ करने की जरूरत नही पड़ेगी और आपका समय भी बचेगा।