सामंथा रूथ प्रभु ने बताई खान-पान की आदत, रखती है उनके ब्लड शुगर को नियंत्रित
क्या है खबर?
मधुमेह एक ऐसी बीमारी है, जिसके दौरान ब्लड शुगर को नियंत्रित रखना जरूरी होता है। सही डाइट लेना और चीनी का सेवन बंद करना इसके इलाज में मददगार हो सकता है। हालांकि, कई बार केवल पौष्टिक भोजन करना ही ब्लड शुगर के स्तर को स्थिर करने के लिए काफी नहीं होता। ऐसा ही कुछ साउथ इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री सामंथा रुथ प्रभु के साथ हुआ। हालांकि, वह खान-पान की आदत को बदलकर ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने में कामयाब हुईं।
बयान
पौष्टिक भोजन करने के बाद भी बढ़ जाता था ब्लड शुगर
हाल ही में सामंथा ने एक इंटरव्यू के दौरान खुलासा किया कि खान-पान की आदत बदलने से उन्हें बहुत फायदा हुआ। भोजन खाने के क्रम को बदलने से उन्हें ब्लड शुगर के स्तर को कम करने में मदद मिली। सामंथा ग्लूकोज मॉनिटर से अपने ग्लूकोज के स्तर को नापती रहती थीं। उन्होंने पाया कि स्वस्थ और संतुलित डाइट लेने के बावजूद भी कभी-कभी उनका ब्लड शुगर अचानक बढ़ जाता था। इसी के बाद उन्होंने खाने के क्रम में बदलाव किए।
डाइट
सामंथा किस तरह खाती हैं खाना?
अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्या का समाधान करने के लिए सामंथा ने भोजन के दौरान सबसे पहले सब्जियां खाना शुरू किया। सब्जियां खत्म करने के बाद ही वह प्रोटीन का सेवन करती हैं और अंत में कार्बोहाइड्रेट लेती हैं। ऐसा करने से उनका ब्लड शुगर का स्तर हमेशा नियंत्रित रहता है। इस तरह से भोजन करने को 'खाद्य सीक्वेंसिंग' नाम से जाना जाता है। सामंथा जैसी चमकदार त्वचा पाने के लिए ये टिप्स अपनाएं।
सीक्वेंसिंग तकनीक
जानिए क्या होती है खाद्य सीक्वेंसिंग
खाद्य सीक्वेंसिंग एक सरल खाने वाली तकनीक है, जिसमें एक निर्धारित क्रम में ही भोजन करना शामिल होता है। इसके मुताबिक, भोजन की शुरुआत फाइबर युक्त सब्जियों से करनी चाहिए, फिर प्रोटीन या स्वस्थ वसा खानी चाहिए और चावल या रोटी जैसे कार्बोहाइड्रेट का सेवन अंत में करना चाहिए। फाइबर और प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थ पहले खाने से पाचन क्रिया धीमी होती है और शरीर शर्करा को धीरे-धीरे अवशोषित करता है। इसके परिणामस्वरूप ब्लड शुगर स्थिर रहता है।
महत्व
खाद्य सीक्वेंसिंग किस तरह है मददगार?
खाने के बाद ब्लड शुगर स्वाभाविक रूप से बढ़ जाता है। हालांकि, अगर वह बहुत तेजी से बढ़ता है तो यह टाइप 2 मधुमेह जैसी समस्याओं का कारण बन सकता है। भोजन करते समय पहले कार्बोहाइड्रेट खाने से पाचन धीमा हो जाता है और ब्लड शुगर बढ़ता है। वहीं, सब्जियां और प्रोटीन पहले खाने से उल्टा असर देखने को मिलता है। 2022 के एक अध्ययन के मुताबिक, जिन मधुमेह रोगियों ने यह तकनीक अपनाई, उनका ब्लड शुगर स्थिर रहा।
अन्य फायदे
खाद्य सीक्वेंसिंग से मिलते हैं ये मुख्य लाभ
खाद्य सीक्वेंसिंग का पालन करने के एक नहीं, बल्कि ढेरों फायदे होते हैं। कार्बोहाइड्रेट से पहले प्रोटीन खाने से GLP-1 हार्मोन बढ़ता है, जो पेट को देर तक भरा हुआ रखता है और ज्यादा खाने से रोकता है। इस डाइट के जरिए लालसा कम हो जाती है, जिससे लोग ज्यादा नहीं खाते और उनका वजन भी नियंत्रित रहता है। साथ ही इसके जरिए शरीर की सूजन कम होती है, ऊर्जा बढ़ती है और पाचन स्वास्थ्य दुरुस्त होता है।