रक्षाबंधन के मौके पर इन टिप्स का पालन करके सजाएं घर, खास बन जाएगा त्योहार
क्या है खबर?
सभी भाई-बहन सालभर बेसब्री से एक त्योहार का इंतजार करते हैं, जो कि रक्षाबंधन कहलाता है। यह पर्व भाई-बहनों के अटूट रिश्ते और प्रेम का प्रतीक है। इस दिन बहनें भाइयों की कलाई पर राखी बांधती हैं और बदले में भाई उनकी रक्षा का वचन देते हैं। इस साल यह त्योहार 9 अगस्त को मनाया जाएगा। अगर आप रक्षाबंधन के जश्न को खास बनाना चाहते हैं तो इस दिन इन टिप्स को अपनाकर अपने घर की सजावट करें।
#1
फूलों से दीवार सजाएं
रक्षाबंधन के खास मौके पर आपको उस दीवार की सजावट जरूर करनी चाहिए, जिसके आगे बैठकर आप भाई को राखी बांधेंगी। इसके लिए आप ताजे या नकली फूलों का इस्तेमाल कर सकती हैं। सबसे पहले एक सफेद धागा लें और उसमें अपनी पसंद के फूलों को पिरोना शुरू करें। ऐसी कई लड़ियां तैयार कर लें और उन्हें दीवार पर अपनी पसंद के अनुसार लटका दें। कुछ लड़ियों को दीपक और लैंप आदि के नीचे भी रख दें।
#2
कागज की थालियां टांगें
अगर आपका बजट कम है तो आप कागज की थालियों से भी सजावट कर सकती हैं। इसके लिए सबसे पहले थालियों को अलग-अलग रंगों में पेंट कर लें। अब उनपर सितारे, नग, मोती या अन्य सजावटी चीजें चिपका दें। आप थालियों के कोनों पर गोटा या लेस भी लगा सकती हैं। इन सभी थालियों को अपनी पसंद के अनुसार दीवार पर चिपका दें या धागे की मदद से टांग दें।
#3
टेबल पर पारंपरिक सजावट करें
रक्षाबंधन के दिन घर पर मेहमान आते हैं, जो टेबल पर बैठकर खाना खाते हैं। इसीलिए जरूरी हो जाता है कि आप अपनी टेबल को भी सजा लें। इसके लिए पारंपरिक प्रिंट वाला दुपट्टा लें और उसे लंबाई में मोड़कर टेबल के बीच में रख दें। इस कपड़े के ऊपर फूलदान, सुगंधित मोमबत्तियां, दीपक और लैंप आदि रख दें। आप चाहें तो इसपर फूलों की लड़ियां भी रख सकती हैं।
#4
दीपक और फेरी लाइट लगाएं
जरूरी नहीं कि केवल दिवाली पर ही घर में दीपक जलाए जाएं। आप रक्षाबंधन के त्योहार पर भी दिये जलाकर सजावट कर सकती हैं। घर के प्रवेश द्वार, टेबल और साइड टेबल पर दीपक जलाकर रखें और उन्हें पेंट करके सजा लें। अब दीवारों और मंदिर पर फेरी लाइट लगा दें, जिनके जरिए आपका पूरा घर रोशन हो जाएगा। अगर आप चाहें तो घर के बाहर भी फेरी लाइट लगा सकती हैं।
#5
सुंदर बैठक या चौकी बनाएं
दीवार की सजावट करने के बाद एक सुंदर बैठक बनाएं, जिसपर बैठकर आप भाई को राखी बांधेंगी। इसके लिए आप जमीन पर गद्दा बिछा सकती हैं और उसपर पारंपरिक प्रिंट वाली चादर चढ़ा सकती हैं। इसके बाद गद्दे पर अलग-अलग रंगों वाली तकिया रखें और दीवार के दोनों तरफ पारदर्शी परदे भी लगा दें। आप गद्दे की जगह पर 2 चौकियां भी रख सकती हैं, जिसे कपड़ों से सजाया जा सकता है।