निकोटिन और तंबाकू का धुआं ऊतकों की मरम्मत के लिए जिम्मेदार कोशिकाओं को पहुंचाता है नुकसान
क्या है खबर?
निकोटिन और तंबाकू का सेवन हमेशा से ही खतरनाक रहा है, लेकिन अब इसका कोशिकाओं के स्वास्थ्य पर हानिकारक प्रभाव भी उजागर हो रहा है। एक हालिया अध्ययन से पता चला है कि निकोटीन और तंबाकू का धुआं उन कोशिकाओं पर हानिकारक प्रभाव डाल सकते हैं, जो ऊतकों की मरम्मत और घाव भरने में अहम भूमिका निभाती हैं। यह अध्ययन उन लोगों के लिए अहम है, जो धूम्रपान छोड़ने के बाद निकोटिन का सेवन बढ़ा देते हैं।
अध्ययन
क्या कहता है अध्ययन?
इस अध्ययन को ओउलू विश्वविद्यालय के ट्रांसलेशनल मेडिसिन की अनुसंधान टीम ने पूरा किया है। अध्ययन में यह जांच की गई कि निकोटीन और तंबाकू का धुआं मेसेनकाइमल स्ट्रोमल कोशिकाओं को कैसे प्रभावित करता है।
ये कोशिकाएं विभिन्न तरह के ऊतकों में पाई जाने वाली स्टेम कोशिकाओं का एक प्रकार हैं, जो ऊतकों की मरम्मत में अहम भूमिका निभाती हैं और उन्हें ठीक से काम करने में भी मदद करती हैं।
जांच
सिगरेट के धुएं के अर्क से हुई जांच
शोधकर्ताओं ने जांच के लिए कोशिकाओं को निकोटीन और सिगरेट के धुएं के अर्क के संपर्क में रखा। यह अर्क प्रयोगशाला में तैयार किया गया एक मिश्रण था, जिसका उपयोग कोशिकाओं पर तंबाकू के धुएं के प्रभावों की जांच करने के लिए किया गया था।
यह काफी कम सांद्रता में भी, तेजी से कोशिकाओं की अनियंत्रित क्षति का कारण बना। निकोटीन की उच्च सांद्रता की वजह से एपोप्टोसिस हुआ, यानी कोशिका खत्म हो गई।
नतीजे
क्या रहे अध्ययन के नतीजे?
निकोटिन ने कोशिकाओं में लाइसोसोम के कार्य को भी बदल दिया, जो कोशिका के अंदर मौजूद घटकों को तोड़ने और उनकी मरम्मत करने का काम करने वाले अंग हैं।
अध्ययन के मुताबिक, निकोटीन और सिगरेट के धुएं के संपर्क से 'इंटरल्यूकिन-8' (IL-8) नामक इन्फ्लेमेटरी मीडिएटर का उत्पादन बढ़ जाता है। यह सूजन संबंधी प्रतिक्रियाओं को नियंत्रित करने और सूजन वाली कोशिकाओं को सक्रिय करने में भूमिका निभाता है।
इन खतरनाक पदार्थों से कोशिकाओं को काफी नुकसान हो सकता है।