
#NationalTourismDay: ये हैं भारत की सबसे खूबसूरत जगहें, एक बार जरूर जाएं घूमने
क्या है खबर?
हर साल 25 जनवरी को राष्ट्रीय पर्यटन दिवस यानी 'नेशनल टूरिज्म डे' मनाया जाता है।
इस दिवस को मनाने का उद्देश्य भारत में पर्यटन की भूमिका के बारे में जागरूकता बढ़ाना और सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक और आर्थिक मूल्यों को बढ़ावा देना है।
भारत में खूबसूरत पर्यटन स्थलों की भरमार है, लेकिन पर्यटन दिवस के खास मौके पर आज हम आपको बहुत खूबसूरत पर्यटन स्थलों से रूबरू करवाते हैं, जहां आप सुकून के कुछ पल बिता सकते हैं।
आइए जानें।
#1
मुन्नार, केरल
केरल का छोटा मगर बेहद खूबसूरत हिल स्टेशन मुन्नार चाहे शिमला, मनाली और दार्जलिंग जितना मशहूर भले ही न हो, लेकिन इसकी सुंदरता किसी भी मायने में कम नहीं है।
पहाड़ों से गुज़रती तीन नदियों के बीच बसे मुन्नार के मनमोहक नज़ारे, दुधिया झरने, ख़ूबसूरत झील, नदियां और दूर-दूर तक फैले चाय के बागान आदि पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं।
इन सबके अलावा नीली कुरिजी नामक खूबसूरत फूल भी मुन्नार की खूबसूरती में चार चांद लगाता है।
#2
कच्छ का रण, गुजरात
भारत की खूबसूरत जगहों की बात करें तो गुजरात कुछ कम नहीं है, क्योंकि यहां पर कच्छ का रण यानी सफेद रेगिस्तान स्थित है।
कच्छ में देखने लायक कई जगहें हैं, जिसमें कच्छ का सफेद रण आजकल पर्यटकों को लुभा रहा है।
इसके अलावा मांडवी समुद्रतट का नज़ारा भी आपको लुभा सकता है।
सर्दियों के दौरान यहां जाने का सही समय अक्टूबर से फरवरी का है, क्योंकि इस समय आप कच्छ के उत्सव का भी लुत्फ उठा सकते हैं।
#3
कोडाइकनाल, तमिलनाडु
कोडाइकनाल तमिलनाडु में स्थित है और इसे दूसरा स्विट्जरलैंड कहा जाता है।
यहां के सुंदर प्राकृतिक नज़ारे पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं।
हैरान कर देने वाली बात तो यह है कि यहां 12 महीनों तक ठंड का ही मौसम रहता है और इस शहर की हरी-भरी वादियां और खूबसूरत प्राकृतिक नज़ारें आपका मन मोह लेगें।
इसलिए एक बार सही लेकिन तमिलनाडु में बसे इस स्विट्जरलैंड की यात्रा जरूर करें और खूबसूरत वादियों के साथ प्राकृतिक का आनंद लें।
#4
गंगटोक, सिक्किम
अगर आपको भी प्राकृतिक नजारे अपनी तरफ आकर्षित करते हैं, तो सिक्किम की राजधानी गंगटोक, फरवरी में घूमने के लिए सबसे सही जगह है।
यहां से आप हिमालय की ऊंची चोटियों का भी आनंद ले सकते हैं। साथ ही यहां के प्राचीन मठ, मंदिर और महल आपको अपना दीवाना बना लेंगे।
इतना ही नहीं यहां पर आप सोमगो झील, रुमटेक मठ, इनहेंची मठ, टाशिलिंग, पोलींग, सुक-ला-खंग, गणेश टोक और डीयर पार्क जैसी जगहों का भी लुत्फ उठा सकते हैं।
#5
बीर बिलिंग, हिमाचल प्रदेश
बीर बिलिंग, भारत में सबसे शानदार पैराग्लाइडिंग स्पॉट्स में से एक है। यह जगह हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में स्थित है।
हर मौसम में यहां सैलानियों और एडवेंचर के शौकीनों का तांता सा लग जाता है। यह स्थल प्रशिक्षण, उपकरण और रोमांचक अनुभवों के साथ शानदार दृश्य प्रदान करके पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता है।
अगर आप यहां जाकर पैराग्लाइडिंग करना चाहते हैं तो अक्टूबर से लेकर फरवरी तक का वक्त आपके लिए सबसे बेहतरीन है।