Page Loader
मध्य प्रदेश की ये जगहें हैं पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र, एक बार घूमने जरूर जाएं

मध्य प्रदेश की ये जगहें हैं पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र, एक बार घूमने जरूर जाएं

लेखन अंजली
Jan 11, 2021
04:14 pm

क्या है खबर?

मध्य प्रदेश भारत का एक खूबसूरत और कई ऐतिहासिक स्थलों से समृद्ध राज्य है। देश के केंद्र में स्थित होने के कारण मध्य प्रदेश को 'भारत का दिल' या 'हृदय प्रदेश' भी कहा जाता है और यह अपने कई ऐतिहासिक स्मारकों, मंदिरों, किले और महलों आदि की वजह से पर्यटकों को आकर्षित करता है। चलिए फिर आज हम आपको राज्य के कुछ ऐसे प्रमुख पर्यटक स्थलों के बारे में बताते हैं, जहां आपको घूमने जरूर जाना चाहिए।

#1

सांची

मध्य प्रदेश में स्थित सांची बौद्ध धर्म के दर्शनीय स्थलों में से एक है और भारत की सबसे पुरानी पत्थर की संरचनाओें का केंद्र है। यहां स्थित महान स्तूप को तीसरी शताब्दी ईसा पूर्व में मौर्य वंश के सम्राट अशोक द्वारा स्थापित किया गया था। इसके अलावा यह स्थान हरे-भरे बागानों से घिरा हुआ है जो यहां आने वाले पर्यटकों को आनंद और शांति प्रदान करते हैं।

#2

ओरछा

मध्य प्रदेश की बेतवा नदी के तट पर स्थित ओरछा एक ऐसा शहर है जो अपने किलों, मंदिरों और महलों के लिए जाना जाता है। ओरछा किला विशेष तौर पर अपने आकर्षण के लिए देशभर में प्रसिद्ध है और यह यहां आने वाले पर्यटकों के दिलों पर एक अलग ही छाप छोड़ता है। इसके अलावा चतुर्भुज मंदिर, राज मंदिर और लक्ष्मी मंदिर ओरछा के मुख्य आकर्षण हैं जो यहां आने वाले लोगों की यात्रा को यादगार बना सकते हैं।

#3

भोपाल

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल एक प्रमुख पर्यटन स्थल है और यह खूबसूरत मानव निर्मित झीलों के बीच में स्थित है। भोपाल संस्कृति, विरासत और आधुनिक जीवन के सही मिश्रण के साथ-साथ एक बड़ा शहर भी है और इसलिए इसकी ओर रूख करना आपके लिए आनंदमयी हो सकता है। भोपाल में घूमने के लिए वन विहार नेशनल पार्क, लेक और हनुमान टेकरी जैसी जगहें हैं, जो पर्यटकों को खूब लुभाती हैं।

#4

कान्हा राष्ट्रीय उद्यान

मध्य प्रदेश में स्थित कान्हा राष्ट्रीय उद्यान बाघों के लिए प्रसिद्ध है और यहां बड़ी संख्‍या में बाघ पाए जाते हैं। इस उद्यान में दुर्लभ बारह सिंगा भी पाए जाते हैं, जो पूरी दुनिया में और कहीं नहीं पाए जाते हैं। इसके अलावा यहां पक्षियों की 300 से अधिक प्रजातियां भी पाई जाती हैं। अगर आपको वन्यजीवों को देखने का शौक है तो आप कान्हा राष्ट्रीय उद्यान में जाकर इसका लुत्फ उठा सकते हैं।