Page Loader
सर्दियों में घूमनें के लिए बेहतरीन हैं भारत की ये मशहूर झीलें

सर्दियों में घूमनें के लिए बेहतरीन हैं भारत की ये मशहूर झीलें

लेखन अंजली
Nov 21, 2019
06:15 pm

क्या है खबर?

सर्दी हो या गर्मी, कुछ जगहों की प्राकृतिक खूबसूरती इन सब पर निर्भर नहीं करती है। झीलें ऐसी ही होती हैं, जिनका प्राकृतिक सौंदर्य रूप अच्छा या खराब नहीं होता, बल्कि हर बार मन को लुभाने वाला होता है। इसी वजह से इनको देखने के लिए दुनियाभर से लोग आते हैं। आज हम आपको यहाँ भारत की कुछ ऐसी ही झीलों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनको देखकर आप प्राकृतिक सौंदर्य का अहसास कर पाएंगे। आइए जानें।

#1

डल झील, जम्मू-कश्मीर

वैसे कश्मीर के प्राकृतिक सौंदर्य के चर्चें हर जगह मशहूर है, लेकिन अगर आप कश्मीर घूमने जा रहे हैं, तो आपका ट्रिप इस झील को देखे बिना अधूरा होगा। डल झील गर्मी और सर्दी दोनों मौसम में अलग-अलग शानदार नजारों के साथ बेहद खूबसूरत लगती है। साथ ही 15 किलोमीटर तक फैली इस झील के नजारों का लुत्फ आप हाउसबोट्स द्वारा भी ले सकते हैं। इसलिए जब भी आप कश्मीर जाएं तो डल झील का खूबसूरत नजारा देखना न भूलें।

#2

पिछोला झील, राजस्थान

सर्दियों में अगर आप उदयपुर घूमने के लिए जा ही रहे हैं, तो अपनी लिस्ट में पिछोला झील का नाम जरूर शामिल करें। उदयपुर के सिटी पैलेस के पास बनी पिछोला झील एक कृत्रिम झील है, जो सुदूर क्षितिज तक फैली नजर आती है। इतना ही नहीं सिटी पैलेस से इस झील की खूबसूरती का आसानी से लुत्फ लिया जा सकता है। साथ ही रामेश्वर घाट से आप नाव की एक लंबी सवारी का भी आनंद ले सकते हैं।

#3

पैंगोंग त्सो, लद्दाख

लेह से पहाड़ियों के रास्ते महज पांच घंटे की दूरी पर स्थित खारे पानी की झील- पैंगोंग त्सो, भारत की बेहद अनोखी जगहों में से एक है। 600 वर्ग किमी तक फैली यह झील तब ज्यादा लोकप्रिय बनी, जब आमिर खान और करीना कपूर ने ब्लॉकबस्टर फिल्म '3 ईडियट्स' का क्लाइमैक्स इसी झील के किनारे शूट किया गया। इतना ही नहीं आप इस झील के निकट ठहरने के लिए तम्बुओं या कमरों आदि को भी चुन सकते हैं।

#4

लोकटक झील, मणिपुर

मणिपुर के बिशनपुर जिले में स्थित यह एक बेहद ही खास झील है, क्योंकि यह विश्व की एकमात्र ऐसी झील है, जिसमें तैरते हुए टापू पाए जाते हैं। इसके अलावा यह झील तैरती फुमदी के लिए भी प्रसिद्ध है। फुमदी यानी मिट्टी, वनस्पति और अन्य कार्बनिक पदार्थों का जमा द्रव्य है, जो इस झील को देखने आएं पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता है। इसलिए जब भी मणिपुर घूमने जाएं तो इस झील को देखने जरूर जाएं।