मानसून के दौरान बनाएं कुरकुरी कॉर्न भाजी, बारिश का मजा हो जाएगा दोगुना
क्या है खबर?
मानसून अपने साथ सुहाना मौसम लेकर आता है और बारिश होते ही कुछ कुरकुरा खाने का दिल करने लगता है। इसी बीच भुट्टे भी बिकने लगते हैं, जो बारिश का एक मशहूर स्नैक भी है। इससे कई तरह के बेहतरीन व्यंजन भी बनाए जा सकते हैं, जिनमें कॉर्न भाजी भी शामिल है। आइए आज हम आपको इस पकौड़े की आसान रेसिपी बताते हैं, जिसे आप मिनटों में बना सकते हैं। इसके साथ चाय की चुस्कियां लेना दिल खुश कर देगा।
सामग्री
कॉर्न भाजी के लिए जरूरी चीजें
कॉर्न भाजी बनाने के लिए आपको एक कप भुट्टे का पेस्ट, एक बड़ा चम्मच बेसन, एक बड़ा चम्मच चावल का आटा, आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, आधा छोटा चम्मच अमचूर पाउडर, नमक (स्वादानुसार), थोड़ी हरी मिर्च (बारीक कटी हुई), थोड़ा हरा धनिया, स्वीट कॉर्न, एक चौथाई छोटा चम्मच हल्दी पाउडर, एक चौथाई छोटा चम्मच गरम मसाला, आधा छोटा चम्मच जीरा, थोड़ा नींबू का रस, आधा छोटा चम्मच अदरक का पेस्ट और एक बड़ा चम्मच तेल चाहिए होगा।
#1
ऐसे करें कॉर्न भाजी बनाने की शुरूआत
सबसे पहले एक कटोरे में भुट्टे का पेस्ट, बेसन, चावल का आटा, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर, गरम मसाला, अदरक का पेस्ट, अमचूर पाउडर, हरी मिर्च और हरे धनिये को डालकर अच्छे से मिलाएं। अब इस मिश्रण को 15 मिनट के लिए ढककर रख दें। इसके बाद गैस जलाकर उस पर एक कढ़ाई रखें और उसमें आवश्यकतानुसार तेल गर्म करें और उसे गर्म हो जाने दें। अब पकौड़े वाले घोल में स्वीट कॉर्न डालें, ताकि थोड़ी मिठास भी जुड़ जाए।
#2
कॉर्न भाजी को इस तरह परोसें
इसके बाद मिश्रण को छोटे-छोटे भागों में कढ़ाई में डालकर सुनहरा होने तक तल लें। जब सारी कॉर्न भाजी तल जाएं तो उन्हें एक प्लेट में निकाल लें। अब कॉर्न भाजी को एक प्लेट में डालकर उसके ऊपर नींबू का रस छिड़कें। इसके ऊपर से हरा धनिया डालें और इसे गर्मा-गर्म परोसें। आप चाहें तो इस व्यंजन को शाम के नाश्ते के तौर पर भी बना सकते हैं। इसे चाय के साथ खाने पर ही इसका असली मजा आता है।
#3
हरी चटनी की रेसिपी
इस व्यंजन को परोसने से पहले हरी चटनी भी बना लें, जो स्वाद को दोगुना कर देगी। इसके लिए मिक्सी में ताजा पुदीने की पत्तियां, धनिया की पत्तियां, काला नमक, हरी मिर्च, लहसुन, अदरक, काली मिर्च और थोड़ा से तेल डालकर अच्छी तरह पीस लें। इसके बाद इस चटनी को कटोरी में निकालें और भाजी के साथ ही परोसें। इससे भाजी में एक तीखापन भी जुड़ेगा, जो सभी को पसंद आएगा।