गणपति विसर्जन के समय करने से बचें ये गलतियां, भगवान गणेश की होगी कृपा
क्या है खबर?
गणेश चतुर्थी पर लोग भगवान गणेश को धूम-धाम से घर लाते हैं, जो इस साल 14 सितंबर को शुरू हुई थी। इस दौरान भक्त भगवान गणेश की मूर्ति को अपने घर लेकर जाते हैं और फिर 10वें या 11वें दिन उन्हें पानी में विसर्जित कर देते हैं। हालांकि, विसर्जन के समय कुछ ऐसी गलतियां हो जाती हैं, जिनके कारण भगवान गणेश नाराज हो सकते हैं। आइए ऐसी ही गलतियों के बारे में जानते हैं, जिन्हें करने से आपको बचना चाहिए।
#1
बिना पूजा किए और भोग लगाए विसर्जन करना
भगवान गणेश की पूजा गणेश चतुर्थी के दौरान बड़े ही धूम-धाम से की जानी चाहिए। इस दौरान सुबह के वक्त और शाम के समय आरती की जाती है और भजन भी गए जाते हैं।
विसर्जन वाले दिन भी पूरे श्रद्धा भाव से पूजा करना जरूरी होता है, ताकि बाप्पा खुशी-खुशी घर से विदा हों। इस दौरान भोग लगाना न भूलें, ताकि बाप्पा का पेट भी भरा हुआ हो और उनके चखने के बाद ही लोगों को प्रसाद बाटें।
#2
मूर्ति को पानी में फेंक देना
गणेश जी की मूर्ति का विसर्जन ज्यादातर लोग आस-पास की नदियों में करते हैं। हालांकि, इस दौरान कई लोग मूर्ति को पानी में सम्मानपूर्वक विसर्जित करने के बजाय सीधा फेंक देते हैं।
ऐसा करने से न केवल मूर्ति के टूटने का और खंडित होने का डर रहता है, बल्कि भगवान का अपमान भी होता है। ऐसे में या तो खुद पानी में उतारकर सम्मान से मूर्ति को धीरे-धीरे पानी में विसर्जित करें या उन्हें बहुत धीरे पानी में छोड़ें।
#3
मूर्ति को बुरी तरह से रखना या तोड़ना
कई लोग पूजा करते समय तो भगवान गणेश की मूर्ति को सम्मान और प्रेम भाव से रखते हैं। हालांकि, जब विसर्जन की बारी आती है तो वे उन्हें कहीं भी रख देते हैं या फिर कहीं भी फेंक देते हैं।
अगर आप ऐसा करेंगे तो भगवान गणेश नाराज हो जाएंगे और आप पर उनकी कृपा भी नहीं बरसेगी। आपको विसर्जन के वक्त भी पूजा करते समय उन्हें अपने हाथों में उठाए रखना चाहिए या चौकी पर बैठाना चाहिए।
#4
पानी में कचरा फेंकना
गणेशा जी की मूर्ति मिट्टी से बनी होती है, जो कुछ ही समय में पानी में घुल जाती है। हालांकि, अगर उसके साथ आप पन्नी, आभूषण और अन्य सामान या कचरा भी पानी में डालते हैं तो पानी दूषित हो सकता है और कई समस्याएं हो सकती हैं।
ऐसे में आपको केवल बाप्पा की मूर्ति को पानी में विसर्जित करना चाहिए और ऐसे तत्वों को हटा देना चाहिए, जो प्रदूषण फैला सकते हैं।