पुरुष कॉर्पोरेट इवेंट के लिए कपड़े चुनते समय न करें ये गलतियां, बिगड़ सकता है लुक
क्या है खबर?
कॉर्पोरेट इवेंट्स में सही कपड़े पहनना बहुत अहम है, क्योंकि इससे आपकी पेशेवर छवि बनती है। पुरुषों के लिए इस मौके के लिए सही कपड़े चुनना कभी-कभी चुनौतीपूर्ण हो सकता है। कुछ पुरुष गलत रंग या स्टाइल के कपडे पहनकर पेशेवर समारोहों में शामिल हो जाते हैं, जो खराब इंप्रेशन डालता है। हालांकि, अगर आप ऑफिस के इवेंट में जाते समय फैशन से जुड़े ये आम गलतियां करने से बचेंगे तो आपका लुक आकर्षक लगेगा।
#1
गलत फिटिंग वाले कपड़े पहनना
पेशेवर लुक के लिए सही फिटिंग वाले कपड़े ही पहनने चाहिए। अगर आपके कपड़े ढीले या बहुत टाइट होंगे तो वे आपके लुक को बिगाड़ सकते हैं। सही फिटिंग वाले कपड़े न केवल आपको अच्छा दिखाते हैं, बल्कि आरामदायक भी देते हैं। इसलिए, हमेशा अपने साइज के अनुसार कपड़े चुनें और अगर जरूरत पड़े तो उन्हें सिलवाकर फिटिंग करवा लें। अपने साइज से छोटे कपड़े खरीदने से भी बचें, जिनमें आप भद्दे लग सकते हैं।
#2
रंगों का गलत चयन करना
कॉर्पोरेट इवेंट के लिए सही रंग वाले कपड़ों का चयन जरूरी होता है। पीले और नारंगी आदि जैसे बहुत चमकीले या जीवंत रंग अक्सर अनुशासनहीनता का आभास देते हैं। इनके बजाय नीले, काले, ग्रे या भूरे जैसे सादे और पेशेवर रंगों वाले कपड़ों का चयन करें। ये रंग न केवल आपको गंभीर दिखाते हैं, बल्कि आपके व्यक्तित्व को भी निखारते हैं। बॉटम वियर के लिए भी गहरे रंग चुनना सही रहता है।
#3
कपड़ों की साफ-सफाई पर ध्यान न देना
कपड़ों की साफ-सफाई पर ध्यान दिए बिना आप आकर्षक दिख ही नहीं सकते। धूल-मिट्टी या दाग-धब्बे वाले कपड़े पहनकर आप न केवल अस्वच्छ लगेंगे, बल्कि आपकी पेशेवर छवि भी प्रभावित होगी। इसलिए, अपने कपड़ों को नियमित रूप से धोएं और उन्हें साफ-सुथरा रखें। कपड़ों पर अगर कोई छोटा-मोटा दाग लग जाए तो उसे तुरंत साफ करें। ऑफिस जाने से पहले जो कपड़े पहनें, उन्हें हमेशा प्रेस कर लें।
#4
सही जूते न पहनना
जूते भी आपके पूरे लुक को प्रभावित करते हैं, इसलिए उन्हें चुनते समय सावधानी बरतें। फटे-पुराने जूतों को पहनने से बचें, क्योंकि ये आपकी पेशेवर छवि को खराब कर सकते हैं। इनके बजाय चमकदार और साफ-सुथरे जूतों का चयन करें, जो आपके कपड़ों के साथ मेल खाते हों। अच्छी गुणवत्ता वाले चमड़े के जूते सबसे अच्छे विकल्प होते हैं, क्योंकि ये लंबे समय तक चलते हैं और हर प्रकार की पोशाक के साथ अच्छे लगते हैं।
#5
सही स्टाइल के कपड़े न पहनना
ऑफिस जैसी जगह पर हमेशा पेशेवर लुक में ही जाना चाहिए। अगर आप इसके लिए कैजुअल या रोजमर्रा वाले कपड़े पहन लेंगे तो कोई आपको गंभीरता से नहीं लेगा। ऐसे में कपड़ों के स्टाइल पर विशेष ध्यान देना चाहिए। कॉर्पोरेट इवेंट पर केवल शर्ट, पैंट, सूट, कोट और नेहरू जैकेट जैसे औपचारिक कपड़े ही पहनें। इस मौके पर टी-शर्ट, कैजुअल शर्ट, जींस और हुडी जैसे कपड़े पहनने से सख्त परहेज करें।