मनीषा कोइराला अपनी फिटनेस से सबको बना रही हैं मुरीद, करती हैं ये 4 एक्सरसाइज
क्या है खबर?
मनीषा कोइराला नेपाली अभिनेत्री हैं, जो मुख्य रूप से भारतीय फिल्मों में काम करती हैं। वह आखरी बार संजय लीला भंसाली की सीरीज 'हीरामंडी' में नजर आई थीं। एक समय पर मनीषा बॉलीवुड की सबसे प्रसिद्ध अभिनेत्रियों में से एक हुआ करती थीं, जिनकी खूबसूरती का कोई मुकाबला नहीं था। हालांकि, 54 की उम्र में भी वह अपनी फिटनेस के जरिए सभी की प्रेरणा बन रही हैं। मनीषा सेहतमंद रहने के लिए ये 4 एक्सरसाइज करना पसंद करती हैं।
#1
क्रंच
मनीषा अपनी कसरत की शुरुआत साइड क्रंच के जरिए करती हैं। यह पेट पर प्रभाव डालने वाली एक्सरसाइज होती है, जिसकी मदद से पेट के किनारे जमी चर्बी कम होती है। इसके बाद वह कुछ एब्डोमिनल क्रंच करती हैं। इसके लिए पीठ के बल लेटकर दोनों पैरों को घुटनों से मोड़ते हुए तलवों को जमीन पर रखें। हाथों को सिर के पीछे रखें और कंधों को घुटनों तक लाने की कोशिश करें।
#2
हिप थ्रस्ट्स
मनीषा की अगली पसंदीदा एक्सरसाइज है हिप थ्रस्ट्स। इसे जटिल बनाने के लिए वह अपनी गोद में वजन वाली डिस्क भी रखती हैं। हिप थ्रस्ट्स एक ऐसी एक्सरसाइज है, जो खास तौर पर कूल्हों की मांसपेशियों को सक्रिय करने में मदद करती है। यह एक्सरसाइज पीठ और पैरों की मांसपेशियों को भी मजबूती देती है। हिप थ्रस्ट्स का सही तरीके से अभ्यास करने से आप अपने शरीर के निचले हिस्से में ताकत और स्थिरता बढ़ा सकते हैं।
#3
बैक एक्सटेंशन्स
मनीषा के वर्कआउट रूटीन में अगली एक्सरसाइज है बैक एक्सटेंशन, जो पीठ की मांसपेशियों को मजबूती देती है। इस एक्सरसाइज को करने के लिए संतुलन बॉल का इस्तेमाल किया जाता है। यह न केवल पीठ को मजबूती देती है, बल्कि पूरे शरीर की संतुलन क्षमता को भी बढ़ाती है। इसे करने के लिए संतुलन बॉल पर लेट जाएं और अपने पैरों को सीधा रखें। अब धीरे-धीरे अपने सिर, गर्दन और कंधों को उठाते हुए पीठ को खींचें।
#4
ट्रेडमिल पर दौड़ना
वजन घटाने के लिए ट्रेडमिल पर दौड़ना एक प्रभावी तरीका होता है, जिसे मनीषा भी अपनाती हैं। इस एक्सरसाइज को करने से आपका अधिक पसीना निकलेगा, जिसकी मदद से चर्बी को जलाना और वजन घटाना आसान हो जाएगा। साथ ही इस एक्सरसाइज की मदद से हृदय स्वास्थ्य दुरुस्त रहता है, मांसपेशियों को मजबूती मिलती है, पैरों की ताकत बढ़ती है और जोड़ों का दर्द भी दूर हो जाता है। आप रोजाना 30 मिनट ट्रेडमिल पर दौड़कर लाभ पा सकते हैं।