LOADING...
रक्षाबंधन पर इन अनोखी मिठाइयों से कराएं भाइयों का मुंह मीठा, नहीं भूल पाएंगे स्वाद 

रक्षाबंधन पर इन अनोखी मिठाइयों से कराएं भाइयों का मुंह मीठा, नहीं भूल पाएंगे स्वाद 

लेखन सयाली
Jul 25, 2025
07:09 pm

क्या है खबर?

इस साल 9 अगस्त को रक्षाबंधन का त्योहार मनाया जाएगा, जो भाई-बहन के अटूट रिश्ते और प्रेम को दर्शाता है। इस दिन सभी बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधती हैं और उनकी लंबी आयु की कामना करती हैं। राखी बांधने के बाद भाइयों को मिठाई खिलाकर उनका मुंह मीठा करने का रिवाज होता है। हालांकि, इस साल इस त्योहार पर आपको अपने भाई के लिए साधारण मिठाइयों के बजाय ये 5 अनोखी मिठाइयां बनानी चाहिए।

#1

मलाई गुलाब की खीर

खीर तो सभी को पसंद होती है, लेकिन उसमें अगर गुलाब की मिठास भी जुड़ जाए तो मजा दोगुना हो जाता है। मलाई गुलाब की खीर बनाने के लिए एक गहरे बर्तन में नारियल का दूध और कंडेंस्ड दूध डालकर पकाएं। इसमें इलायची पाउडर, मलाई, चीनी और गुलाब का अर्क डालकर पकने दें। जब खीर में उबाल आ जाए तो गैस बंद कर दें और परोसने से पहले उसपर मेवे, चॉकलेट, कोको पाउडर और गुलाब की पंखुड़ियां डालकर सजाएं।

#2

रसमलाई वाले नारियल के लड्डू

रसमलाई को आप नारियल के साथ मिलाकर लजीज लड्डू तैयार कर सकती हैं। इसके लिए एक मिक्सर में रसमलाई, रसमलाई का दूध और कंडेंस्ड दूध डालकर ब्लेंड करें। एक पैन में घी गर्म करके उसमें कद्दूकस किए हुए नारियल पकाएं। अब इसमें रसमलाई वाला मिश्रण डालें और धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं। गाढ़ा होने के बाद मिश्रण को थाली पर फैलाकर ठंडा करें। अब हाथों से गोल-गोल लड्डू बनाकर भाई को खिलाएं।

#3

चॉकलेट ब्राउनी

चॉकलेट ब्राउनी बनाने के लिए सबसे पहले चॉकलेट और मक्खन को ओवन में पिघला लें। इसके बाद ओवन को 150 डिग्री पर पहले से गर्म कर लें। पिघली हुई चॉकलेट में वेनिला का अर्क, कोको पाउडर, चीनी और बेकिंग पाउडर डालकर मिलाएं। इसके बाद इसमें धीरे-धीरे करके मैदा मिला दें। ऊपर से चोको चिप्स और अखरोट छिड़ककर ओवन में बेक कर लें। बेक होने के बाद ब्राउनी को टुकड़ों में काटें और आइसक्रीम के साथ परोसें।

#4

चॉकलेट मूज

अगर आप रक्षाबंधन पर कोई पौष्टिक व्यंजन खाना चाहते हैं तो बिना चीनी वाली चॉकलेट मूज बनाएं। इसके लिए सबसे पहले ओवन में डार्क चॉकलेट को पिघला लें। इसमें आप स्टीविया या गुड़ का पाउडर शामिल कर सकते हैं। इसमें नारियल का दूध मिलाएं और फेटने वाली मशीन की मदद से अच्छी तरह फेट लें। इसे कुछ देर के लिए फ्रिज में सेट होने दें और राखी बांधने के बाद अपने भाइयों को खिलाएं।

#5

माचा आइसक्रीम

अगर आपके भाइयों को आइसक्रीम खाना पसंद है तो माचा फ्लेवर वाली आइसक्रीम बनाकर उनका मुंह मीठा करें। इसे बनाने के लिए कटोरे में माचा पाउडर और दूध को विस्कर की मदद से फेटें। अब कटोरे को गैस पर चढ़ाएं और उसमें क्रीम या मलाई मिलाकर पकने दें। अब इसमें बेकिंग पाउडर और पिसी चीनी शामिल कर दें। इसे 2 मिनट पकने दें फिर गैस बंद कर दें और 20 मिनट बाहर रखने के बाद फ्रीजर में रखकर जमा लें।